करौली

राजस्थान पांचना बांध विवाद: करौली व सवाई माधोपुर में इंटरनेट बंद, अलर्ट मोड पर प्रशासन

Panchna Dam Dispute: पांचना बांध से पानी छोड़े जाने को लेकर उपजे विवाद के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट वायरल होने के बाद करौली जिले में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। वहीं सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी, वजीरपुर और बामनवास क्षेत्र में भी इंटरनेट बंद किया गया है।
2 min read
Jul 09, 2026
Karauli Protest
Karauli Protest। फोटो पत्रिका

Karauli Gangapur City Internet Shutdown : करौली। पांचना बांध से पानी छोड़े जाने को लेकर उपजे विवाद के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट वायरल होने के बाद करौली जिले में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। वहीं सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी, वजीरपुर और बामनवास क्षेत्र में भी इंटरनेट बंद किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। करौली सदर थाने में भी कई लोगों के खिलाफ वैमनस्य फैलाने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

कई मार्गों पर आज सुबह से यातायात शुरू

इस बीच गंगापुर सिटी-हिंडौन, करौली-गंगापुर सिटी, करौली-धौलपुर, करौली-हिंडौन और करौली-मंडरायल मार्गों पर यातायात फिर से शुरू हो गया है। वजीरपुर के कुसांय गांव में नहरों में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से नाराज किसानों ने हिंडौन-गंगापुर मुख्य मार्ग पर तीन दिन से जाम लगा रखा था। देर रात कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा धरना स्थल पहुंचे और किसानों को भरोसा दिलाया कि नहरों की तकनीकी खराबी दूर कर 10 दिन के भीतर पर्याप्त पानी छोड़ा जाएगा। मंत्री के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो गया।

गंगापुर सिटी में मंत्रियों ने की हाई लेवल बैठक

बुधवार को गंगापुर सिटी मिनी सचिवालय में जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत और कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव कृष्ण कुणाल, एडीजी बीजू जॉर्ज जोसफ, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, आईजी कैलाश चंद बिश्नोई, जिला कलक्टर काना राम, एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित दोनों जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, जाम, जल वितरण और तकनीकी समस्याओं की समीक्षा की।

17-18 जुलाई को फिर होगा गेटों का परीक्षण

बैठक में तय किया गया कि पांचना बांध के गेटों और संबंधित संरचनाओं की मरम्मत अगले सात दिन में पूरी की जाएगी। 17 और 18 जुलाई को किसान प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गेटों का दोबारा परीक्षण कर कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़कर पूरी व्यवस्था की जांच की जाएगी।

Updated on:
09 Jul 2026 11:01 am
Published on:
09 Jul 2026 10:56 am