Karauli News: श्रीमहावीरजी थाना क्षेत्र के गांवडी मीना गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में मृतका के भाई ने दहेज हत्या के आरोप की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
हिण्डौनसिटी। श्रीमहावीरजी थाना क्षेत्र के गांवडी मीना गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार तड़के पति व ससुर महिला को जिला चिकित्सालय लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका गांवड़ी मीणा निवासी भावना मीना (28) पत्नी संजय मीना है। मामले में मृतका के भाई गांव सजहनपुर निवासी देवेंद्र ने ससुरालजनों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या के आरोप की प्राथमिकी दर्ज कराई है। श्रीमहावीरजी थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा मांग पर विवाहिता का शव पीहर पक्ष को सुपुर्द कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि भावना को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में बताया गया कि पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसके साथ मारपीट करते थे। प्रताड़ना से परेशान होकर भावना पहले भी अपने पीहर आ चुकी थी, लेकिन सामाजिक तौर पर समझौते के बाद उसे वापस ससुराल भेजा गया। करीब दो महीने पहले भी वह पीहर में रही थी और तब पति संजय समाज के लोगों के साथ समझौता कर भावना को ससुराल लेकर गया था।
मृतका के भाई देवेंद्र ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7 बजे भावना ने फोन कर बताया था कि उसे फिर से परेशान किया जा रहा है। रात करीब 1 बजे उसने अपनी भाभी को पति द्वारा की गई मारपीट के फोटो और वीडियो भेजे थे। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 5 बजे ससुराल पक्ष से फोन आया कि उसकी बहन की मौत हो गई है।
सूचना मिलने पर पीहर पक्ष के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शव मोर्चरी में रखा मिला। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। इधर श्रीमहावीरजी थाना प्रभारी गिर्राज प्रसाद ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि भावना एमए बीड की डिग्री धारक थी। वह बीते कई वर्ष से सरकारी नौकरी पाने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। दो माह पहले फरवरी माह में दिल्ली में टीजीटी शिक्षक और हाल ही में हुई पुलिस उपनिरीक्षक की परीक्षा के लिए आवेदन भरा हुआ है। आरोप है उसे परीक्षा में प्रविष्ठ होने से वंचित रखा गया। मृतका के कोई संतान नहीं थी।