कासगंज

कासगंज पुलिस ने चेकिंग लिए कार रोकी, तलाशी लेते ही छूट गए पसीने; डिग्गी में मिली खून से लथपथ लाश

Kasganj Police Recovered Body: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पुलिस ने एक कार की डिग्गी से खून से लथपथ शव बरामद (Body Recovered in Car) किया है। कार से बरामद किया गया शव एटा जिले के एक कॉलेज के लेखाकार (Clerk Body Found in Car) का था।
2 min read
Jun 29, 2026
Clerk murder in Etah
सांकेतिक इमेज- पत्रिका

Body Recovered in Kasganj: कासगंज जिले से रोंगटे खड़े करने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से खून से लथपथ शव बरामद किया है। शव की पहचान एटा जिले के 'श्री माधवानंद इंटर कॉलेज' के लेखाकार राहुल पांडेय (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

कार की डिग्गी में मिला शव

कासगंज पुलिस ने चेकिंग के लिए एक कार रोकी। कार की चेकिंग करने पर पुलिस को डिग्गी में खून से लथपथ शव मिला। इसके बाद पुलिस ने कार सवार कृष्ण कुमार और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और पूछताछ की।

पूछताछ में पता चला कि कृष्ण कुमार एटा जिले के जैथरा कस्बे के पास स्थित गांव कसेला में बने 'श्री माधवानंद इंटर कॉलेज' में प्रधानाचार्य हैं। कृष्ण कुमार की गाड़ी से मिला शव उनके ही कॉलेज के बाबू (लेखाकार) का है।

शव को ठिकाने लगाने निकले से आरोपी

कसेला में बने 'श्री माधवानंद इंटर कॉलेज' के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार लेखाकार राहुल पांडेय की हत्या (Principal Murdered Clerk) करके शव को ठिकाने लगाने जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में कृष्ण कुमार ने बताया कि रविवार शाम को राहुल के साथ उनका विवाद हो गया था। आपसी विवाद के बाद प्रधानाचार्य ने लेखाकार को पीटा और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद प्रधानाचार्य अपने एक अन्य साथी को साथ लेकर शव को ठिकाने लगाने निकले थे।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जैथरा थाने में लेखाकार राहुल पांडेय के पिता रामतीरथ की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। राहुल पांडेय के पिता ने प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार और 2 अन्य पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। राहुल पांडेय 'श्री माधवानंद इंटर कॉलेज' में सहायक लेखाकार के पद पर तैनात थे। इसी कॉलेज में कृष्ण कुमार प्रधानाचार्य हैं।

कॉलेज की राजनीति को लेकर प्रधानाचार्य और लेखाकार के बीच मनमुटाव चल रहा था। रविवार को राहुल पांडेय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी कॉलेज में किसी काम से गए थे। इसी दौरान प्रधानाचार्य से विवाद हो गया। इसके बाद प्रधानाचार्य ने राहुल को पीटा, फिर गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस ने क्या कहा?

एटा के SSP डॉ. इलामारन जी ने कहा कि कॉलेज में मनमुटाव और आपसी विवाद में प्रधानाचार्य ने लिपिक की हत्या की है। मृतक के पिता रामतीरथ की तहरीर के आधार पर प्रधानाचार्य और 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।