कासगंज

कासगंज में उठी चिंगारी ने 75 परिवारों की खुशियां छीनी, मासूम समेत आधा दर्जन बेजुबान जिंदा जले

Fire in Kasganj : घटना की सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में दो अन्य दमकल समेत तीन दमकलों व ग्रामीणों के सहयोग से लगभग 2 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

2 min read
Jun 05, 2022

कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव नगला पटे में अज्ञात कारणों से लगी आग ने 75 परिवारों की खुशियों को जलाकर राख कर दिया। अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने से ग्रामीणों के घर, अनाज, नगदी समेत अन्य जरूरत का सामान जलकर स्वाहा हो गया। तो वहीं आग की चपेट में आने से एक 11 वर्षीय बालिका की मौत हो गयी एवं दो अन्य बच्चियां घायल हैं। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आग पर दो घंटे बाद पाया गया काबू

आपको बता दें कि ये पूरा मामला शनिवार दोपहर 2 बजे के बाद का बताया जा रहा है। पटियाली तहसीलदार राजीव निगम के मुताबिक, लगभग दो बजे गांव में पश्चिम की तरफ से उस समय आग लगी जब ग्रामीण अपने अपने घरों में आराम कर रहे थे। आग बुझाने की जब तक ग्रामीण कुछ सोच पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और लगभग एक दर्जन रिहायशी झोपड़ियों में आग फैल गयी। उधर, घटना की सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में दो अन्य दमकल समेत तीन दमकलों व ग्रामीणों के सहयोग से लगभग 2 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

हादसे में 11 वर्षीय बच्ची की मौत

आग की चपेट में आकर घर में सो रही एक 11 वर्षीय बच्ची अंजू की दर्दनाक मौत हो गयी। तो वहीं दो अन्य बच्चियां झुलस गयीं हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस भीषण अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक जानवर जिनमें भैंस, गाय और बैल शामिल हैं, उनकी भी जलकर मौत हो गयी। तो कई मवेशी और ग्रामीण घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

राहत और बचाव का कार्य जारी

घटना की सूचना पर कासगंज डीएम हर्षिता माथुर एवं एसपी रोहन बोत्रे भी मौजे पर पहुंच गए और राहत और बचाव कार्य को तेज करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। डीएम ने इस अग्निकांड के बाद गांव में चिकित्सकों की टीम के साथ साथ प्रशासनिक अधिकारियों को रुकने का निर्देश दिया गया है। राहत और बचाव का कार्य लगातार जारी है। मलवे को हटाया जा रहा है। जल्द ही नुकसान का आंकलन कर पीड़ितों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Published on:
05 Jun 2022 09:14 am
Also Read
View All