कासगंज

कासगंज में 5 शव मिलने से सनसनी: मंजर देख पुलिस के भी उड़े होश, जमीन पर बिछी मिलीं पत्नी और तीन बच्चों की लाशें!

Kasganj News Today: यूपी के कासगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अमांपुर कस्बे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव उनके बंद घर में मिले हैं
2 min read
Feb 21, 2026
kasganj five family members found dead up news
कासगंज में 5 शव मिलने से सनसनी | Image - Video Grab

Five family members found dead Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शनिवार की सुबह एक ऐसी खबर सामने आई जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। अमांपुर कस्बे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले सत्यवीर के घर से जब सुबह कोई आहट नहीं मिली, तो पड़ोसियों को शक हुआ।

मकान पूरी तरह से अंदर से बंद था। जब जंगले (खिड़की) से झांक कर देखा गया, तो सत्यवीर का शव फंदे से लटका हुआ था। इस भयावह दृश्य को देखते ही चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

वेल्डिंग मशीन से काटा गया घर का द्वार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर के दरवाजे अंदर से मजबूती से बंद थे, जिसके कारण पुलिस को प्रवेश करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। अंततः एक वेल्डिंग मशीन मंगवाई गई और घर के दरवाजे को काट कर रास्ता बनाया गया।

जैसे ही पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई, वहां का दृश्य हृदयविदारक था। कमरे के बीचों-बीच सत्यवीर फांसी के फंदे पर झूल रहा था, जबकि उसकी पत्नी रामश्री, दो बेटियां प्राची और आकांक्षा और बेटे गिरीश के शव फर्श पर बेजान पड़े थे।

सुसाइड या सोची-समझी साजिश?

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है, जो फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रहे हैं। सत्यवीर पेशे से वेल्डिंग का काम करता था, लेकिन ऐसी क्या परिस्थिति आई कि उसे अपने पूरे परिवार के साथ मौत को गले लगाना पड़ा या उनके साथ यह अनहोनी हुई, इसकी तहकीकात जारी है।

गमगीन हुआ पूरा इलाका

मोहल्ले वालों का कहना है कि सत्यवीर एक मेहनती व्यक्ति था और वेल्डिंग की दुकान चलाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रहा था। इस सामूहिक मौत के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर है। पुलिस ने फिलहाल घर को सील कर दिया है और बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर उस कड़ी को जोड़ रही है जो इस रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश कर सके।

Published on:
21 Feb 2026 09:50 pm