Cyber Crime: कासगंज में मेव गैंग ने एआई की मदद से फेक एसपी बनकर पैसे ऐंठे।
Cyber Crime: उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने एसपी बनकर पुलिस को करीब पांच घंटे तक अपने इशारे पर घुमाया। ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रयोग के जरिए किया गया है।
साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक कि फोन करने वाली महिला की आवाज अगर बिल्कुल एसपी कासगंज की तरह है तो इसमें एआई का प्रयोग हुआ है। अगर महिला की आवाज अलग है तो ट्रू कॉलर पर उनके नाम से नंबर और फोटो सेव करके घटना की गई है।
दरअसल, खैरागढ़ इंस्पेक्टर को फोन करके कस्बे के दो सराफा व्यापारियों को उठवाया गया था। इसके बाद उन व्यापारियों को चोरी का माल खरीदने का आरोपी बताकर डराया गया। मामले को रफा-दफा करने के लिए व्यापारियों से रुपए मांगे गए थे। पुलिस ने सराफा व्यापारी की तहरीर पर मोबाइल नंबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस जांच में जुट गई है।
शुरुआती छानबीन में पता चला है कि जिस नंबर से फोन किया गया उसका सिम मध्य प्रदेश के मुरैना से खरीदा गया, जिसकी आईडी फर्जी थी। वहीं, फोन करने वाली महिला की लोकेशन वृंदावन (मथुरा) थी। पुलिस यह मानकर चल रही है कि इस मामले में मेव गैंग का हाथ हो सकता है। डीसीपी पश्चिम सोनम कुमार ने बताया कि कासगंज एसपी से संपर्क किया गया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी को कोई फोन नहीं किया था। पीड़ित सराफ राहुल वर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। छानबीन जारी है। जल्द पुलिस आरोपित तक पहुंच जाएगी।