कासगंज

निकाय चुनाव प्रत्याशियों को लेकर पार्टियों ने अभी तक नहीं खोले पत्ते

दावेदारों और समर्थकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2017, 10:51 AM IST
Nikay Chunav

कासगंज। जिले भर में नगरीय निकाय चुनाव की चुनावी प्रक्रिया रविवार से शुरू हो चुकी है। अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के पत्ते नहीं खोले हैं। जिसको लेकर प्रत्याशियों और समर्थको के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पहले दिन सभासद पद के लिए मात्र एक नामांकन की खरीददारी हो सकी है।

श्रीगणेश इंटर काॅलेज बना केन्द्र

22 नवम्बर को कासगंज जिले में नगरीय निकाय चुनाव सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने रविववार से नामांकन प्रपत्रों की बिक्री शुरू कर दी है। नामांकन प्रपत्रों की बिक्री और प्रपत्र जमा करने के लिए कासगंज, सोरों नगर पालिका और नगर पंचायत बिलराम के लिए श्रीगणेश इंटर काॅलेज को केन्द्र बनाया गया है। सोरों कासगंज के लिए एक अध्यक्ष पद के लिए और दो सभासद पद के लिए कुल तीन तीन टेबिल लगाई गई हैं।

नामांकन खरीद केन्द्रों पर सन्नाटा
कासगंज सोरों में वार्ड 25-25 हैं, जबकि नगर पंचायत बिलराम में वार्ड 11 हैं। रविवार को पहले दिन वार्ड एक कासगंज के बीजेपी समर्थक सुनील कुमार वाल्मीकि ने सभासद पद के लिए प्रपत्रों की खरीददारी की, लेकिन पहले दिन होने और प्रत्याशियों की टिकट फाइनल न होने के चलते नामांकन खरीद केन्द्रों पर सन्नाटा पसरा रहा है। एसडीएम देवेन्द्र प्रताप ने बताया कि प्रत्याशी की सुरक्षा के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स को मुस्तैद किया गया है। जिससे प्रपत्र और नामांकन जमा करने के दौरान कोई अनहोनी की घटना से बचा सके।

दावेदारों के बीच असमंजस की स्थिति

निकाय चुनाव के लिए मतदान की डेट डिक्लेयर होने के बावजूद अभी तक किसी भी राजनैतिक दल ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। इस वजह से एक तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं और दावेदारों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। टिकट के लिए सबसे लंबी लाइन भारतीय जनता पार्टी में है, माना जा रहा है कि भाजपा आखिरी दो दिनों के दौरान टिकट घोषित करेगी।

Published on: