
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी शहर की कानून व्यवस्था के हाल कैसे हैं, इसका नजारा बीती रात यहां देखने को मिला। कटनी चौपाटी पर बीती रात दो पक्षों के बीच दनादन चाकू चले। इस खूनी संघर्ष में दो युवकों की हत्या हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि, एक अन्य युवकी की हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद से ही हमलावर युवक फरार हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक कहां छुपे बैठे हैं फिलहाल इसकी जानकारी पुलिस को नहीं है। पुलिस ने हमलावर युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।
आशंका जताई जा रही है कि हमलावर आरोपी जल्द ही पकड़े जा सकते हैं। इस घटना ने कटनी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा, कांबिंग गश्त, सघन पेट्रोलिंग एवं नशा मुक्ति अभियान की सफलता पर सवालिया निशान लगा दिया है। लगातार चल रही चाकुओं ने एक बार फिर शहर में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। ऐसे में सवाल उठाना तो लाजमी है कि आखिर पुलिस कर क्या रही है?, अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं?, क्या अपराधों पर नियंत्रण लगा पाने में पुलिस कारगर साबित नहीं हो रही?। उधर बदमाश नशे में चूर होकर दनादन सड़क के मुख्य स्थानों पर दनादन चाकू चला रहे और पुलिस चुस्त दुरुस्त कानून व्यवस्था की दुहाई देते नहीं थक रही।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे कोतवाली थाने से महज 500 मीटर दूर स्थित चौपाटी में एक बड़ी वारदात घटित हुई। बताया जा रहा है कि, किसी सागर और तातुली नामक युवकों ने गायत्री नगर में रहने वाले 23 वर्षीय रोशन सिंह पिता गुलाब सिंह, 22 वर्षीय उत्कर्ष दुबे पिता राजा दुबे और 20 वर्षीय विनेश पिता शिवनारायण पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि, घटना के बाद जब इलाज के लिए घायल रोशन सिंह, उत्कर्ष दुबे और विनेश को शासकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोशन और उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनेश को नाजुक हालत में जबलपुर रेफर किया है।
पुलिस के मुताबिक, उक्त तीनों युवकों पर हमला करने वाले सागर और तातुली नामक युवक फिलहाल पुलिस गिरफ्त से फरार हैं। हमले में घायल विनेश की हालत भी इतनी नाजुक है कि, वो भी पुलिस को अबतक वारदात का कारण नहीं बता सका है। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए हमलावर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बीते कुछ दिनों में लगातार शहर में हो रही घटनाओं ने पुलिस की मुस्तैद व्यवस्था को तार-तार करके रख दिया है। हालांकि, प्रदेश मुख्यालय के निर्देश पर लगातार जिला पुलिस लोगों को नशे के प्रति जागरूक करने की शपथ दिला रही है। ऑपरेशन शिकंजा चला कर मादक पदार्थों की तस्करी और विक्रय पर अंकुश लगाने की कार्रवाई कर रही है। कांबिंग गश्त करते हुए एक के बाद एक बदमाशों पर नकेल कसने के दावे कर रही है, लेकिन पुलिस की इतनी कार्रवाईयों और मुस्तैदी के दावों के बावजूद शहर में एक के बाद एक हो रही वारदातें पुलिस की सारी कवायदों पर पानी फेर रही है।