आईपीएल सट्टे पर कसा शिकंजा, मोबाइल-आईडी से करोड़ों का नेटवर्क ध्वस्त करने की कोशिश, ऑनलाइन आईडी के माध्यम से खेल रहे थे सट्आ
कटनी. जिले में लंबे समय से पनप रहे ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल सट्टा खेलते 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शहर के माधवनगर क्षेत्र को इस अवैध नेटवर्क का मुख्य केंद्र बताया जा रहा है, जहां गली-कूचों में बैठे बुकी मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से करोड़ों का सट्टा संचालित करते हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान क्लीन लिफ्ट के तहत थाना माधवनगर और थाना कोतवाली की संयुक्त टीमों ने साइबर सेल के सहयोग से बीती रात अलग-अलग स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान उनके पास से 9 मोबाइल फोन, नगदी, सट्टे का हिसाब-किताब और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई।
कोतवाली पुलिस ने पंकज उर्फ हेमंत खटीक निवासी नई बस्ती, विक्की पुरुषवानी संत नगर, आजाद अहमद पुरानी बस्ती, साजिद अली ईश्वरपुरा वार्ड, राम निषाद जगमोहन वार्ड, नई बस्ती व विजय मूलचंदानी माधवनगर को पकड़ा है। इसी तरह माधवनगर पुलिस ने संजय सोमवानी निवासी कैरिन लाइन, मुकेश दौलतानी एडीएम लाइन कैंप, जय इसरानी शुभ सिटी, माधवनगर को दबोचा है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरा नेटवर्क मोबाइल एप और वेबसाइट आधारित प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित किया जा रहा था। बुकी पहले से तय खिलाडिय़ों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते है, जिनके माध्यम से क्रिकेट मैच, विशेषकर आईपीएल पर बड़े स्तर पर दांव लगाए जाते थे। इसमें एडवांस पेमेंट और क्रेडिट सिस्टम का इस्तेमाल कर लेन-देन को डिजिटल रूप दिया गया, जिससे कार्रवाई में मुख्य सरगनाओं तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार माधवनगर के अलावा कोतवाली और एनकेजे थाना क्षेत्र में भी सट्टे का नेटवर्क गहराई से फैला हुआ है। कई युवा इस अवैध कारोबार की चपेट में आकर आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। लगातार सट्टे में हार-जीत के चलते कुछ परिवार कर्ज और तनाव में फंस चुके हैं, जिससे सामाजिक स्थिति पर भी असर पड़ा है। हालांकि पूर्व में भी सट्टे के खिलाफ कई कार्रवाई हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद यह कारोबार पूरी तरह खत्म नहीं हो सका है। हाल के वर्षों में कार्रवाई के नाम पर औपचारिकता देखने को मिली, जिससे नेटवर्क और अधिक मजबूत होता गया।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की गई है। इस पूरे नेटवर्क व इसके मुख्य संचालकों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। आम नागरिकों से अपील की है कि सट्टे या जुए से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।