कटनी

उच्च शिक्षा विभाग की नई पहल: अब संकाय बदलकर भी विद्यार्थी ले सकेंगे प्रवेश

वॉक-इन इंटरव्यू के जरिए मिलेगा पात्रता प्रमाण पत्र, छात्र-छात्राओं को मिलेगा नया अवसर, तिलक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बाजपेयी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत अब छात्र-छात्राएं 12वीं या स्नातक में पढ़े गए विषयों से अलग संकाय में भी प्रवेश ले सकेंगे, बशर्ते वे पात्रता शर्तें पूरी करें।

2 min read
May 03, 2026
Thousands of students registered for B.Pharma and D.Pharma courses (Patrika File Photo)

कटनी. उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए विद्यार्थियों को संकाय परिवर्तन की सुविधा दी है। तिलक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बाजपेयी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत अब छात्र-छात्राएं 12वीं या स्नातक में पढ़े गए विषयों से अलग संकाय में भी प्रवेश ले सकेंगे, बशर्ते वे पात्रता शर्तें पूरी करें। इसके लिए विद्यार्थियों को वॉक-इन इंटरव्यू प्रक्रिया से गुजरना होगा। पात्र पाए जाने पर उन्हें पात्रता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। कटनी जिले में इसके लिए शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी को अधिकृत किया गया है। वॉक-इन इंटरव्यू 27 अप्रेल से 14 मई तक आयोजित किए जाएंगे। विभाग के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों को अपनी रुचि और करियर के अनुसार विषय चुनने का अवसर देगी। प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल और ई-प्रवेश मोबाइल ऐप के माध्यम से संचालित की जा रही है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ई-प्रवेश मोबाइल ऐप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं प्रवेश प्रक्रिया, पंजीयन, सीट आवंटन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां अपने मोबाइल फोन पर आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें

मौत की खदानें: लापरवाही निगल रही बेगुनाहों की जिंदगियां, जिलेभर में सुरक्षा से खिलवाड़

जिलेभर के कॉलेजों में शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया

जिलेभर के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। एक मई से शुरू हुई यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्र-छात्राओं को निर्धारित तिथियों में पंजीयन और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने बताया कि 12वीं उत्तीर्ण अथवा पूरक छात्राएं स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकती हैं, जबकि स्नातक उत्तीर्ण अथवा पूरक छात्राएं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्र होंगी।

15 मई तक होंगे ऑनलाइन पंजीयन

प्रवेश प्रक्रिया का प्रथम चरण 2 मई से 15 मई तक चलेगा। इस दौरान इच्छुक विद्यार्थियों को ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन के बाद दस्तावेजों का सत्यापन 4 मई से 16 मई तक किया जाएगा। इसके बाद 21 मई को सीट आवंटन सूची जारी की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या से बचा जा सके। विद्यार्थी मेजर और माइनर विषयों के अनुसार ही प्रवेश मिलेगा। यदि कोई छात्रा मेजर या माइनर विषय से अलग विषय में प्रवेश लेना चाहती है, तो उसे जिले के अग्रणी महाविद्यालय में आयोजित वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से पात्रता सुनिश्चित करनी होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रथम चरण में पंजीयन करने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा में प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। यदि कोई छात्रा इस चरण में प्रवेश नहीं लेती है, तो उसे अगले चरण में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा। ऐसी स्थिति में उसे केवल कॉलेज लेवल काउंसलिंग राउंड के माध्यम से ही प्रवेश मिल सकेगा। विशेष बात यह है कि प्रथम चरण में ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। जिले के कई महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।

ये भी पढ़ें

जनता को नहीं लगेगा चक्रवृद्धि ब्याज, संपत्तिकर वृद्धि प्रस्ताव सर्वसम्मति से खारिज, नगर निगम सम्मिलन में बड़ा निर्णय
Published on:
03 May 2026 07:11 am
Also Read
View All