कटनी

राहुल और प्रियंका पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भड़की कांग्रेस, सरकार को दे डाली कड़ी चेतावनी

MP Politics : महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनी वर्मा ने सरकार से मांग की है कि, कैलाश विजयवर्गीय तुरंत सार्वजनिक मंच से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से माफी मांगें, वरना..।
2 min read
Sep 28, 2025
MP Politics
राहुल और प्रियंका पर अभद्र टिप्पणी पर गरमाई राजनीति (Photo Source- Patrika)

MP Politics :मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनके बहन सांसद प्रियंका गांधी पर की गई अभद्र टिप्पणी का मामला प्रदेश में गरमाता जा रहा है। कैलाश के बयान के बाद से ही लगातार कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन कर सरकार से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। इसी बीच कटनी में भी कांग्रेस पार्टी द्वारा विवादित बयान पर भारी आक्रोश व्यक्त किया है।

कटनी महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रजनी वर्मा ने राहुल और प्रियंका गांधी को लेकर कैबिनेट मंत्री कैला विजयवर्गीय द्वारा की गई टिप्पणी पर राज्य सरकार से मांग की है कि, विजयवर्गीय को तुरंत ही सार्वजनिक मंच से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस पार्टी से भी माफी मांगनी चाहिए। रजनी ने स्पष्ट कहा कि, अगर कैलाश ऐसा नहीं करते तो सरकार को चाहिए कि, वो उनसे उनके पद का इस्तीफा ले। रजनी वर्मा ने चेतावनी दी कि अगर विजयवर्गीय माफी नहीं मांगते तो महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता मध्य प्रदेश की सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे।

कैलाश के बयान पर बवाल

दरअसल, कैलाश विजयवर्गीय ने सार्वजनिक मंच से राहुल गांधी द्वारा अपनी बहन प्रियंका गांधी के लिए व्यक्त किए गए स्नेह को अशोभनीय बताते हुए विवादित बयान दिया था। कैलाश के इस बयान के सामने आने के बाद कांग्रेस आग बबूला हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि भाई-बहन का रिश्ता बेहद पवित्र और सम्मानजनक होता है, लेकिन, बीजेपी की गंदी और ओछी मानसिकता इसे कभी नहीं समझ सकती। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेता या तो कर्नल के बारे में अनुचित बयान देते हैं या फिर हाइवे पर महिलाओं के साथ दुराचार करते पकड़े जाते हैं।

सड़कों पर उतरने की तैयारी में कांग्रेस

कांग्रेस का ये भी कहना है कि, एमपी में रोजाना करीब 20 महिलाएं और बच्चियां हिंसा और प्रताड़ना का शिकार हो रही हैं, बावजूद इसके भाजपा इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधे रहते हैं। इसके बजाय, वे भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर सवाल उठाते हैं। कांग्रेस ने साफ कहा कि, अगर कैलाश विजयवर्गीय माफी नहीं मांगते तो पार्टी पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरने और अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी कर रही है।

Updated on:
28 Sept 2025 09:45 am
Published on:
28 Sept 2025 09:45 am