कटनी

योग, जुंबा, साइक्लिंग, रंगोली और नुक्कड़ नाटक से नागरिकों को दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राहगीरी डे में स्वच्छता के रंग में रंगा कटनी, ‘हमारा शहर, हमारी जिम्मेदारी’ के नारों से गूंजा शहर, स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर वन बनने का लिया संकल्प
3 min read
May 25, 2026
Conveyed the message of cleanliness and environmental conservation
Conveyed the message of cleanliness and environmental conservation

कटनी. रविवार की सुबह कटनी शहर के लिए सिर्फ एक सामान्य दिन नहीं थी, बल्कि स्वच्छता, जागरूकता और जनभागीदारी का उत्सव बन गई। गर्ग चौराहा से कारगिल चौक तक की सडक़ें वाहनों के बजाय नागरिकों के उत्साह, ऊर्जा और स्वच्छता के संकल्पों से भर उठीं। मौका था ‘राहगीरी डे’ के सातवें संस्करण का, जहां शहरवासियों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

राहगीरी डे के दौरान शहर की सडक़ें मनोरंजन और जागरूकता का अनोखा मंच बन गईं। कहीं योगाभ्यास से स्वास्थ्य का संदेश दिया गया तो कहीं जुंबा की धुन पर युवा थिरकते नजर आए। बच्चों ने स्केटिंग और साइक्लिंग के माध्यम से फिटनेस और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया। रंगोली प्रतियोगिता में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की झलक दिखाई दी, वहीं नुक्कड़ नाटकों ने लोगों को प्लास्टिक मुक्त शहर और साफ-सफाई के महत्व के प्रति जागरूक किया।

यह दिया गया संदेश

कार्यक्रम में ‘फोर बिन प्रेजेंटेशन’ के जरिए लोगों को कचरा पृथकीकरण की जानकारी दी गई। सिंगल यूज प्लास्टिक के विरोध में लगाए गए संदेश बोर्ड और तख्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं। हस्ताक्षर अभियान में सैकड़ों नागरिकों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगम आयुक्त तपस्या परिहार, एमआईसी सदस्य जयनारायण निषाद, सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद मौसूफ अहमद बिट्टू, गोविंद चावला सहित चिकित्सक, उद्योगपति, समाजसेवी संगठन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, युवा, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

स्वच्छता को बनाया जनआंदोलन

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि राहगीरी डे ने यह साबित कर दिया है कि जब सडक़ें जनता के लिए खुलती हैं, तब जागरूकता सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आदतों में बदलाव का अभियान है और इसके असली नायक शहर के नागरिक हैं।

ये हुए कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं और क्यूआर कोड स्कैन कर स्वच्छता फीडबैक देकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। ईको ब्रिक्स, अनुपयोगी सामग्री से तैयार कलाकृतियों और रेन वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मैजिक शो में एन जादूगर ने अपनी कलाएं दिखाईं। और रसकला संगीत विद्यालय की नन्हीं बच्चियों की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

विजेताओं को दिए तुलसी के पौधे

कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को तुलसी के पौधे भेंट कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। म्यूजिकल चेयर के विनर इंजीनियर अनिल जायसवाल रहे। इस दौरान नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री आसित खरे, जागेश्वर पाठक, शैलेंद्र पयासी, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर और बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Updated on:
25 May 2026 07:55 pm
Published on:
25 May 2026 07:55 pm