कटनी

Delhi Building Collapse: बेहतर भविष्य का सपना लेकर दिल्ली गए थे अक्षत, हादसे के बाद सदमे में यादव परिवार

Delhi Building Collapse Update: दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में कटनी के अक्षत यादव की मौत, दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम कर रहे थे अक्षत।
2 min read
Sep 07, 2026
Delhi Building Collapse
delhi building collapse update katni akshat yadav, अक्षत यादव की जीवित अवस्था की तस्वीर व हादसे के बाद राहत कार्य में जुटी टीमें (Source-Patrika+ANI)

Delhi Building Collapse Akshat Yadav: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को 5 मंजिला बिल्डिंग ढह जाने से अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इमारत ढहने की घटना ने मध्यप्रदेश के कटनी के दुबे कॉलोनी निवासी यादव परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में 19 वर्षीय अक्षत यादव की मौत हो गई। अक्षत दिल्ली में रहकर दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई कर रहे थे। इमारत के मलबे से शव निकाले जाने के बाद शिनाख्त में उनकी पहचान हुई।

परिवार में पसरा मातम, परिजन दिल्ली रवाना

हादसे में अक्षत की मौत की खबर कटनी पहुंचते ही दुबे कॉलोनी में मातम पसर गया। परिवार के लोग और रिश्तेदार दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पड़ोसियों को जैसे ही हादसे में अक्षत की मौत की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग उनके निवास पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बेहतर भविष्य का सपना लेकर गए थे दिल्ली

परिचितों ने बताया कि अक्षत पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहे थे। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं और वे उच्च शिक्षा हासिल कर बेहतर भविष्य बनाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन रविवार को सत्य निकेतन में हुए हादसे ने परिवार के इन सपनों को हमेशा के लिए तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार हादसे के बाद अक्षत को गंभीर रtप से घायल हालत में मलबे से निकाला गया था और अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद अक्षत को बचाया नहीं जा सका। बाद में शवों की शिनाख्त के दौरान अक्षत की पहचान हुई।

कटनी लाया जाएगा पार्थिव शरीर

अक्षत की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार के लोग दिल्ली पहुंच गए हैं। परिजन उनके पार्थिव शरीर को कटनी लाने की तैयारी में जुटे हैं। अक्षत की असामयिक मौत से दुबे कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। रिश्तेदार और परिचित परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

देवास के अर्पित जाज की भी मौत

बता दें कि मध्यप्रदेश के देवास जिले के रहने वाले अर्पित जाज की भी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बिल्डिंग ढहने वाले हासे में निधन हो गया है। देवास के कैलादेवी क्षेत्र के जय बजरंग नगर निवासी 18 वर्षीय अर्पित जाज के मलबे में दबने के कारण निधन होने की पुष्टि पिता भूपेंद्र ने की है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद अर्पित के माता-पिता दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।

Updated on:
07 Sept 2026 04:28 pm
Published on:
07 Sept 2026 04:28 pm