ऑनलाइन सट्टे से जुड़े तार, ट्रांजेक्शन के स्टेटमेंट व बिलों का स्टेटमेंट खंगाल रही पुलिस
कटनी. माधवनगर थाना क्षेत्र में एक कपड़ा कारोबारी द्वारा कर्मचारी का फर्जी तरीके से बैंक खाता खोलकर करोड़ों रुपए का लेनदेन किया गया है। यह लेनदेन न सिर्फ ब्लैक मनी को व्हाइट करने के लिए किया गया है बल्कि ऑनलाइन सट्टे से भी तार जुड़ गए हैं, जिसकी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
बता दें कि 1 जनवरी से से 14 फरवरी के बीच बंधन बैंक माधवनगर में अमित दाहिया पिता भल्लू दाहिया (29) निवासी जुहली थाना एनकेजे का योगेश बजाज ने बैंक खाता खुलवाया। इस खाते से लाखों रुपए के फर्जी तरीके से लेनदेन किए गए। दूसरे व्यक्ति के नाम का अकाऊण्ट खुलवाकर धोखाधड़ी पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू की। बता दें कि योगेश ने इस पूरे खेल में किराये के भी खातों का उपयोग करता रहा है। अभी तक हुई जांच में तीन खाते मिले हैं, जिनमें उसने कमीशन व किराये पर ऑपरेट करता था। उन खातों की भी पुलिस डिटेल खंगाल रही है।
दो दिन की जांच में माधवनगर पुलिस ने अमित के खाते में प्रारंभिक जांच में एक करोड़ रुपए से अधिक का ट्रांजेक्शन होना पाया है। अब पुलिस ट्रांजेक्शन के स्टेटमेंट व बिलों का स्टेटमेंट को देख रही है कि वास्तव में इसका उपयोग व्यापार के लिए हुआ है या फिर अन्य किसी काम के लिए। रुपए कहां से आये हैं और किसको गए हैं, यह देखा जा रहा है। फर्जी खाते में रुपए डालकर नंबर एक में करने का खेल किया गया है कि नहीं यह भी देखा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि योगेश बजाज की नई बस्ती में साड़ी की दुकान चलाता है और रुपयों के लालच में यह खेल कर रहा है।
माधवनगर पुलिस के अनुसार यह पूरा खेल ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा है, जो टी-20 विश्वकप सहित अन्य मैचों, खेलों व अन्य गतिविधयों में लग रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि किस व्यक्ति ने रुपए लगाए और किनके खातों में रुपए गए हैं। बता दें कि माधवनगर थाना क्षेत्र में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें लोगों के फर्जी तरीके से खाते खोलकर करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन किए गए हैं।
बता दें कि इन दिनों टी-20 विश्वकप चल रहा है। जैसे-जैसे मैचों का रोमांच शबाब पर पहुंच रहा है वैसे-वैसे बुकियों व सटोरियों का कारोबार पनप रहा है। शहर के कोतवाली, कुठला व माधवनगर थाना क्षेत्र में सट्टे का अवैध कारोबार चल रहा है। बुकी सुरक्षित ठिकानों ऑफिस, फॉर्महाउस, मल्टी से सट्टे का अवैध कारोबार ऑपरेट कर रहे हैं। छुटपुट सटोरियों को छोड़ दिया जाए तो पुलिस बड़े बुकियों पर हाथ नहीं डाल रही।
मामले की जांच जारी है। फर्जी खाते की जांच में एक करोड़ रुपए से अधिक का लेनदेने सामने आया है। योग किराये से भी खाते लिए हुए थे, अभी तीन खातों का पता चला है, इन खातों की जांच जारी है। मामला ऑनलाइन सट्टे से भी जुड़ा है, जिसकी जांच की जा रहा है।