
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी जिले के झिंझरी इलाके में स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय से थोड़ी दूरी पर स्थित वन विभाग कार्यालय के सामने अधूरे सड़क निर्माण के बीच एक बारि फिर बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर रखे बड़े पत्थरों से टकराने के कारण एक तेज रफ्तार बोलेरो कार करीब 10 फीट उछलकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बताया जा रहा है कि, हादसे वाली कार क्रमांक एमपी 21 टीए 1075 में चालक अकेला ही सवार था। गनीमत रही कि, हादसे में चालक सुरक्षित बच गया। घटना के बाद इलाके में सड़क निर्माण में देरी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि, झिंझरी इलाके में बीते कई दिनों से सड़क निर्माण का काम अधूरा पड़ा है। इसी दौरान सड़क पर रखे बड़े पत्थर से ये तेज रफ्तार बोलेरो कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो हवा में उछलकर पलटी खा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए मार्ग का यातायात भी प्रभावित हो गई।
इस घटना ने सड़क निर्माण स्थल पर सुरक्षा के इंतजामों की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है। स्थानीय स्तर पर इस बात को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, निर्माण कार्य में देरी के बीच वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की गई है? चिंता इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि क्षेत्र में पहले हुए हादसे में एक मासूम और एक महिला की जान जा चुकी है।
स्थानीय निवासी राकेश विश्वकर्मा का कहना है कि, अगर हादसे के समय सामने से कोई दूसरा वाहन आ रहा होता तो परिणाम और भी गंभीर होना स्वभाविक था।। सड़क पर इस तरह पत्थर पड़े रहना वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बने रहते हैं। इन्हें अब भी अगर यहां से न हटाया गया तो संभवत ये किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
हादसे की जानकारी लगते ही यातायात टीआई अनूप सिंह, एसआई शशि भूषण दुबे, आरक्षक सुरेंद्र सिंह और झिंझरी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभाली और मौके पर जमा भीड़ को नियंत्रित कर मार्ग पर यातायात को दोबारा सुचारु कराया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अधूरे सड़क निर्माण को जल्द पूरा कराने और निर्माण स्थल पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। अब सवाल ये है कि, जिम्मेदार विभाग सड़क निर्माण में तेजी लाने के साथ संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कब ठोस कदम उठाएगा?