
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय मासूम बच्चे की नाले में डूबने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, सिद्धार्थ बर्मन नाम का बच्चा सोमवार सुबह अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए गांव के चहरा नाले पर गया था। इसी दौरान वो गहरे पानी में चला गया, जहां अचानक वो डूबने लगा। इससे पहले की उसके दोस्त कुछ समझ पाते वो पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि, रीठी थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले देवरी कला गांव में रहने वाले 11 साल के सिद्धार्थ बर्मन, पिता रवेंद्र बर्मन, सोमवार सुबह अपने हम उम्र दोस्तों के साथ चहरा नाले में नहाने गया था। बच्चे नाले में नहा रहे थे, इसी दौरान सिद्धार्थ गहरे पानी में डूब गया। अचानक हुए इस हादसे से वहां मौजूद बच्चों में घबराहट फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों को भी इसकी सूचना दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बालक को स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नाले से बाहर निकलवाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महज 11 साल की उम्र में सिद्धार्थ की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बच्चे के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रीठी अस्पताल भेजा गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और नाले में पानी की गहराई कितनी थी, इसकी जानकारी जुटा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि, सिद्धार्थ बहुत मिलनसार और बड़े-छोटे का सम्मान करने वाला बच्चा था। यही कारण है कि, उसकी मौत से पूरे देवरी कला गांव में मातम की स्थिति है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। एक पल में खेल-कूद और दोस्तों के साथ बिताया जा रहा समय परिवार के लिए जिंदगी भर का दुख बन गया है।