
Passenger Bus Accident-मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा फाटक के पास रविवार शाम एक भीषण सडक़ हादसे में यात्री बस और ओवरलोड हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों से मिलने स्थानीय सांसद वीडी शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में घायलों से हाल जाना और उनसे बातचीत भी की।
जानकारी के अनुसार यात्री बस क्रमांक एमपी 19 पी 0347 लमतरा फाटक के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे ओवरलोड हाइवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई तथा यात्री मदद के लिए पुकारते रहे। सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दो यात्री बस के नीचे दब गए थे, जबकि एक व्यक्ति हाइवा के केबिन में फंसा हुआ था। सभी को क्रेन की सहायता से बाहर निकाला गया।
कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। हादसे में किशन कोल (30) निवासी कुसमा, नीलम प्रजापति (26) निवासी झिरिया और राजू चौधरी (30) निवासी खरखरी की मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। वहीं घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। कई एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका गहन उपचार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाइवा के ब्रेक फेल होने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन क्रेन की सहायता से बस को हटाकर आवागमन बहाल कर दिया गया। घायलों से मिलने स्थानीय सांसद वीडी शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में घायलों से हाल जाना और उनसे बातचीत भी की।