कटनी

कांप रहे जरूरतमंद, अफसरों को नहीं लग रही ठंड!

Municipal corporation did not make arrangements for bonfire
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2024, 9:16 PM IST
MP Cold Weather Update

बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल व सार्वजनिक स्थलों में नहीं जले अलाव

कटनी. लगातार बढ़ रही ठंड और रात में चल रही हवाओं से नगरनिगम के अधिकारी व जनप्रतिनिधि भले ही न कांप रहे हों लेकिन बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अस्पताल में मौजूद जरूरतमंद ठंड से कांपने मजबूर हैं। नगरनिगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों व प्रमुख स्थानों पर ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था की जाती है लेकिन शहर में अबतक यह सुविधा लोगों को नसीब नहीं हुई है। पत्रिका टीम ने बीती रात 10 बजे शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का जायजा लिया, जहां जरूरतमंद रात के समय भी मौजूद होते हैं। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में गरीब वर्ग, आटो चालक, रिक्शा चालक, पुलिसकर्मी नजर आए। ठंड के बाद भी इन लोगों को बाहर ही रात गुजारनी पड़ती है लेकिन निगम की ओर से अलाव की व्यवस्था न होने से ऐसे लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

10 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
शहर का न्यूनतम तापमान लगातार कम हो रहा है। मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व से सर्द हवाएं चल रही है, जिसके कारण ठंड तेजी से बढ़ी है।

बस स्टैंड में जला रहे कचरा
बीती रात बस स्टैंड का जायजा लिया तो कुछ यात्री यहां बस का इंतजार करते हुए मिले। समीप ही बसों के कंडक्टर, चालक व आटो चालक कचरा व टायर जलाकर ठंड दूर करते हुए नजर आए। आटो चालकों ने कहा कि अबतक अलाव जल जाने चाहिए थे लेकिन सरकारी ठंड पता नहीं कबतक पड़ेगी।

अस्पताल में गैलरी में दुबके लोग
जिला अस्पताल परिसर में बाहर तो कुछ ही मरीजों के परिजन नजर आए लेकिन अंदर तीमरदार गैलरी में ठंड से दुबककर बैठे रहे। बताया कि बाहर हवा चल रही है और तेज ठंड है, जिसके कारण यहां छत के नीचे बैठे हैं, जिससे ठंड न लगे। पार्किंग स्टैंड कर्मचारियों ने बताया कि अलाव जलने से मरीजों के परिजनों, एंबुलेंस स्टॉफ को राहत मिलती है।

खुले आसमान के नीेच ट्रेन का इंतजार
कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर सैकड़ों यात्री ठंड के बीच खुले आसमान के नीचे बैठे नजर आए। इनमें ज्यादातर मजदूर थे जो रोटी-रोटी के लिए अन्य शहरों में जा रहे थे। ठंड मिटाने के लिए यहां भी अबतक इंतजाम नहीं हुए। इन यात्रियों का स्टेशन के बाहर होने का एक और कारण प्रतिक्षालय में पर्याप्त स्थान न होना भी है।

Updated on:
27 Nov 2024, 9:16 PM IST
Published on: