पुलिस की 2026 की पहली बैठक का आयोजन, प्राथमिकताएं तय कर दिए निर्देश
कटनी. नव वर्ष 2026 के शुभारंभ पर पुलिस की पहली बैठक का आयोजन श्पुलिस कंट्रोल रूम में किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षकअभिनय विश्वकर्मा ने की। इसमें जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने वर्ष 2026 के लिए प्राथमिकताएं तय करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बदलते अपराध परिदृश्य के अनुरूप कटनी पुलिस की कार्यशैली में सुधार, तकनीकी दक्षता बढ़ाने और आधुनिक पुलिसिंग के नए आयाम स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। ‘फुल फोर्स ऑफ लॉ’ की नीति के तहत अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी से लेकर बीट प्रभारी व आरक्षक स्तर तक प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जवाबदारी तय करे और त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के लिए विवेचकों को तकनीकी व मैदानी रूप से अधिक दक्ष बनने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में पुलिस चौपाल आयोजित करने, ग्रामीण इलाकों में सीसीटीवी की उपयोगिता, साइबर अपराध के प्रति जागरूकता, सडक़ सुरक्षा अभियान और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग जैसे विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए साथ ही संपत्ति संबंधी अपराधों पर विशेष फोकस रखने और संवेदनशील पुलिसिंग अपनाने की बात कही गई।