
कटनी में पत्रिका की खबर के बाद प्रशासन का कड़ा एक्शन (Photo Source- Video Screenshot)
Katni District Hospital :मध्य प्रदेश के कटनी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया, जिसे पत्रिका द्वारा प्रुमखता से दिखाए जाने के बाद प्रशासन की ओर से इसपर कड़ा एक्शन लिया गया है। आपको याद दिला दें कि, कुछ दिन पहले कटनी जिला अस्पताल के बाहर एक महिला से 108 एम्बुलेंस धुलवाने का शर्मसार करता वीडियो सामने आया था। महिला से एम्बुलेंस इसलिए धुलवाई गई, क्योंकि गंभीर हालत में अस्पताल लाए गए उसके पति ने एम्बुलेंस में उल्टी कर दी थी। जहां एक तरफ सड़क दुर्घटना में घायल पति अस्पताल के अंदर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था, ठीक उसी वक्त उसकी पत्नी से बाहर खड़ी एंबुलेंस धुलवाई जा रही थी।
इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसे पत्रिका द्वारा पूरे घटनाक्रम के साथ प्रमुखता से दिखाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसपर लोगों ने संबंधित कर्मचारियों की जमकर आलोचना भी की। वहीं, मामला उजागर होने के बाद कलेक्टर ने इसकी जांच के निर्देश दिए। वहीं, वीडियो की पुष्टि होने और घटनाक्रम प्रमाणित होने के बाद दो कर्मचारियों पर गाज गिर गई है। विभाग ने सख्त आदेश देते हुए दोनो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
आपको बता दें कि, राहुल बर्मन नाम का शख्स सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसके बाद उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में अस्पताल लाए जा रहे राहुल को रास्ते में एम्बुलेंस के अंदर ही उल्टी हो गई, जिससे एंबुलेंस गंदी हो गई। अस्पताल पहुंचने पर जब एम्बुलेंस चालक ने अंदर से एम्बुलेंस गंदी देखी, उसने घायल शख्स को तो अस्पताल के अंदर जाने दिया, लेकिन उसकी पत्नी को एम्बुलेंस साफ करने के लिए बाहर ही रोक दिया। महिला ने अपने पति की घायल अवस्था का कई बार हवाला देकर उसके पास जाने की बात कही, लेकिन चालक ने उसकी एक न सुनी।
अस्पताल के कर्मचारियों की मदद से घायल राहुल को तो अंदर पहुंचा दिया गया, लेकिन उसकी पत्नी को बाहर ही रुकना पड़ा और जिस समय डॉक्टर घायल पति को बचाने की जद्दोजहद कर रहे थे, ठीक उसी समय अस्पताल के बाहर उनकी पत्नी को अपमान का घूंट पीते हुए एम्बुलेंस से उल्टी साफ करने की जद्दोजहद कर रही थी। इस मामले में एक और हैरानी की बात ये भी सामने आई कि, 108 एम्बुलेंस चालक ड्राइवर ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए पैसे भी लिए थे। महिला के इसी अपमान का वीडियो पत्रिका द्वारा दिखाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी तक पहुंच गया।
जिला अस्पताल में महिला से एंबुलेंस की सफाई कराने के वायरल वीडियो देखने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर को मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सीएमएचओ ने संबंधित कंपनी के संचालकों और प्रबंधकों से पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली और वायरल वीडियो के तथ्यों की जांच कराई।
वायरल वीडियो सही पाए जाने पर जेएईएस प्रोजेक्ट प्रा. लिमि. कंपनी के एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद जेएईएस प्रोजेक्ट प्रा. लिमि. कंपनी ने दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी है। इसमें पायलट पद पर नियुक्त देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक को कंपनी ने सेवा से टर्मिनेट कर दिया गया है।
Published on:
30 Apr 2026 01:19 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
