
Katni-Jabalpur Highway Accident: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लमतरा ओवरब्रिज के पास रविवार को हुए बस और ट्रक के भीषण हादसे के बाद सोमवार को एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने जिले को झकझोर दिया। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेवरी के समीप कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम घूघरा निवासी संतोष सेन और चंदू आदिवासी बाइक क्रमांक एमपी 21 जेडई 9048 से तेवरी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों युवक राष्ट्रीय राजमार्ग से तेवरी गांव की ओर मुड़ने लगे, तभी कटनी से जबलपुर की दिशा में तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 28 जी 9373 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर (Pickup-Bike collided) मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद जोरदार थी। बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद पिकअप वाहन दोनों को रौंदते हुए कुछ दूरी तक आगे बढ़ी और फिर जाकर रुकी। दुर्घटना में दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्लीमनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने जिलेवासियों की चिंता बढ़ा दी है। एक के बाद एक हो रही दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा रही है। तेवरी के पास हुई इस घटना से घूघरा गांव सहित परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिकअप चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा फाटक के पास रविवार शाम एक भीषण सडक़ हादसे में यात्री बस और ओवरलोड हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 यात्री घायल हो गए थे। इनमे 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ थे जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने हादसे में मृत यात्रियों के परिजनों को 4-4 लाख आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की थी।