
Rewa-Bhopal Express : रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद रीवा - भोपाल एक्सप्रेस में एक नकाबपोश बदमाश ने महिला यात्री का पर्स झपट लिया और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। पर्स में करीब 10 लाख रुपए मूल्य के सोने - चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज रखे थे। घटना के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया और यात्रियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रीवा निवासी रामदत्त पाठक अपनी पत्नी और बच्चों के गत दिवस को गाड़ी संख्या 22146 रीवा-भोपाल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। रात में ट्रेन कटनी स्टेशन से रवाना होकर आउटर क्षेत्र में पहुंची ही थी कि एक नकाबपोश युवक कोच नंबर-5 में घुस आया। उस समय महिला यात्री बर्थ पर सिर के नीचे पर्स रखकर सो रही थी। आरोपी ने मौका पाकर पर्स झपटा और भाग निकला।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। शोर मचाने के बावजूद आरोपी चलती ट्रेन से उतरकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पर्स में तीन तोला सोने का हार, एक तोला का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, कान की बालियां, कीमती मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद रखे थे। कुल नुकसान करीब 10 लाख रुपये बताया गया है।
वारदात के बाद कोच में मौजूद यात्रियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए चेन पुलिंग की, लेकिन तब तक बदमाश ट्रेन से उतर चुका था। घटना की सूचना तत्काल जीआरपी और रेलवे अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
ट्रेन के जबलपुर पहुंचने पर जीआरपी ने पीड़ित की शिकायत दर्ज की। मामला कटनी जीआरपी को स्थानांतरित किया गया है। पुलिस ट्रेन और स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है तथा यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि घटना किसी सक्रिय झपटमार गिरोह की करतूत हो सकती है, जो ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता है।
घटना के बाद यात्रियों में भय और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि आरक्षित कोचों में भी यात्री सुरक्षित नहीं हैं तो रेलवे सुरक्षा के दावों पर भरोसा करना मुश्किल है। लगातार बढ़ रही चोरी और झपटमारी की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा तंत्र की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को लेकर जबलपुर जीआरपी की थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि, रीवा सुपरफास्ट में महिला यात्री का पर्स छीनने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है तथा डायरी कटनी जीआरपी को भेजी गई है।