कटनी

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक: हेलीपेड के पास फूटे पटाखे, सीएम सिक्योरिटी हुई अलर्ट

बरही में हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान मचा हडक़ंप, शासकीय विद्यालय में बनाया गया था हैलीपेड, अधिकारियों ने लगाई फटकार

2 min read
Mar 15, 2026
Cm mp

कटनी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बरही दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लैंडिंग के समय हेलीपेड के समीप पटाखे फोड़ दिए गए, जिससे मौके पर हडक़ंप मच गया और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे अधिकारी तुरंत अलर्ट हो गए। जानकारी के अनुसार बरही के शासकीय हाईस्कूल परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन के लिए हेलीपेड बनाया गया था। जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर बरही पहुंचा और लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू हुई, उसी दौरान स्कूल की बाउंड्रीवाल के पास तेज आवाज के साथ पटाखे फोड़ दिए गए। अचानक पटाखों की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि पटाखों के कारण धुआं भी उठने लगा, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अधिकारी तुरंत सतर्क हो गए और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई। सूत्रों के अनुसार पटाखे फूटने के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान भी कुछ क्षणों के लिए असुविधा की स्थिति बनी। अधिकारियों ने तत्काल मौके पर मौजूद लोगों को फटकार लगाई और पटाखे फोडऩे वालों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। इससे पूर्व ही शुक्रवार को आईजी प्रमोद वर्मा ने भी तैयारियों का निरीक्षण किया था और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए थे कि कार्यक्रम स्थल के आसपास पटाखे न फोड़े जाएं, इसके बावजूद यह लापरवाही हो गई।

ये भी पढ़ें

राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विवाद: नगर निगम पर 67 करोड़ का कुर्की वारंट, न्यायालय से पहुंची मचकुरी, मचा हड़कंप

स्वागत करने पहुंचे थे मंत्री व विधायक

मुख्यमंत्री के बरही आगमन पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपेड पर परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह, खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, प्रणय प्रभात पांडे और धीरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

उज्जैन में हो चुका है हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उज्जैन में आयोजित कृष्ण-सुदामा रंगोत्सव कार्यक्रम के दौरान मंच के पास पटाखा फूटने की घटना सामने आ चुकी है। उस घटना में अचानक हुई आवाज से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी और कई लोग गिरकर घायल हो गए थे। ऐसे में कटनी जिले के बरही में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान पटाखे फूटने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एएसपी बोले- दूर फोड़े हुए है पटाखे

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया ने बताया कि पटाखे स्कूल की बाउंड्रीवाल से कुछ दूरी पर फोड़े गए थे और यह आयोजकों द्वारा नहीं फोड़े गए थे वहीं कार्यक्रम में मौजूद छिंदवाड़ा डीआईजी राकेश सिंह ने इस मामले में कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि विस्तृत जानकारी कटनी एएसपी ही दे सकेंगे। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र के पास आखिर पटाखे कैसे फोड़े गए।

ये भी पढ़ें

9000 किमी सफर, तीन एयरपोर्ट, 50 बस स्टैंड, 15 रेलवे स्टेशनों की छानबीन के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

Published on:
15 Mar 2026 09:31 am
Also Read
View All

अगली खबर