कटनी

मेले में दर्दनाक हादसा… झूले में फंसे युवती के बाल, सिर की चमड़ी पूरी तरह उखड़ी

Tragic accident at Daddadham fair: दद्दाधाम धार्मिक आयोजन के बीच मेले में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो सामने आया है। मेले में झूले के दौरान एक 22 वर्षीय युवती के बाल झूले में फंस गए, जिससे उसके पूरे सिर की चमड़ी बाल सहित अलग हो गई।
2 min read
Nov 13, 2025
Tragic accident at Daddadham fair
Tragic accident at Daddadham fair

MP News:कटनी में दद्दाधाम धार्मिक आयोजन के बीच मेले में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो सामने आया है। मेले में झूले के दौरान एक 22 वर्षीय युवती के बाल झूले में फंस गए, जिससे उसके पूरे सिर की चमड़ी बाल सहित अलग हो गई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार यह हादसा विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक और दद्दा शिष्य मंडल के संयोजन में चल रहे पांच दिवसीय दद्दाजी मंदिर निर्माण, मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं कथा कार्यक्रम के दौरान हुआ। मुख्य धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ परिसर में निजी स्तर पर मेला भी लगाया गया था, जहां यह हादसा घटित हुआ। साक्षी गुप्ता (22) निवासी तिलक कॉलेज रोड थाना घायल हो गई है। वह अपनी बहन व सहेली के सहित परिवार के साथ मेला घूमने आई थी। दोनों झूले पर बैठी थीं, तभी झूला घूमते वक्त साक्षी के बाल झूले के पेंच में फंस गए, जिससे वह जोर से झटके से पीछे की ओर खिंच गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत झूला रुकवाया और काफी मशक्कत के बाद युवती को झूले से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से साक्षी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया। सीएस डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि युवती को गंभीर चोटें आई है। सिर की पूरी चमड़ी बालों सहित निकल गई है। युवती की हालत स्थिर है, लेकिन उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेजा गया है। वहां प्लास्टिक सर्जरी के जरिए उपचार किया जाएगा।

मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोजन स्थल पर झूला संचालकों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने और निगरानी की कमी की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद कोई भी प्रशासनिक अधिकारी व मेला प्रबंधन का व्यक्ति नहीं पहुंचा। साथ में गई शिखा गोस्वामी ने बताया कि वह एक युवक की मदद से जिला अस्पताल तक घायल साक्षी को लेकर पहुंची। लोगों ने ऐसे आयोजनों में झूला संचालकों पर सख्त निगरानी रखे जाने और सुरक्षा इंतजामों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराने की बात की है।

Updated on:
13 Nov 2025 08:07 am
Published on:
13 Nov 2025 08:06 am