कटनी

नाश्ते के पैसों पर मचा बवाल, अधिक पैसे न देने पर ग्राहक से मारपीट, वीडियो वायरल

Breakfast Bill : ओवरचार्जिंग के आरोप के बीच विवाद बढ़ा, शाही कॉर्नर पर ये सनसनीखेज घटना हुई। स्टेशन इलाके में दुकानदारोंकी मनमानी पर उठे गंभीर सवाल।
2 min read
Apr 11, 2026
Breakfast Bill
नाश्ते के पैसों को लेकर रेलवे स्टेशन रोड पर बवाल (Photo Source- Patrika)

Breakfast Bill :मध्य प्रदेश के कटनी शहर के व्यस्ततम इलाके रेलवे स्टेशन रोड पर एक बार फिर दुकानदारों की मनमानी यहां आए ग्राहकों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाश्ते के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि, बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कटनी रेलवे स्टेशन से बाहर आने वाले यात्रियों के साथ लंबे समय से अधिक पैसे वसूलने की शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि कई दुकानदार बिना रेट बताए चाय-नाश्ता परोस देते हैं और बाद में ग्राहकों से मनमाने दाम वसूलते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ जगहों पर चाय के 100 रुपये और सामान्य नाश्ते के 200 रुपये तक वसूले जाने की बातें सामने आई हैं।

दुकानदार ने की ग्राहक से मारपीट

ताजा मामला स्टेशन चौराहा स्थित शाही कॉर्नर नामक नाश्ते की दुकान का बताया जा रहा है। यहां एक ग्राहक ने समोसा खाने के बाद जब दुकानदार से कीमत को लेकर सवाल किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। ग्राहक ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

'यहां आए दिन हो रही ऐसी घटनाएं'

स्थानीय लोगों का कहना है कि, स्टेशन रोड पर इस तरह की घटनाएं होना आम होती जा रही हैं। बाहर से आने वाले यात्री अक्सर विवाद से बचने के लिए चुपचाप अधिक पैसे देकर निकल जाते हैं, जबकि कुछ मामलों में उन्हें विवाद या मारपीट का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई नहीं हो पाई है।

क्या फिर से ठंडे बस्ते में चला जाएगा मामला ?

ये पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन पर टिकी है कि, क्या इस मामले में कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा ?

पार्दर्शिता जरूरी

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि, स्टेशन क्षेत्र में सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही, सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों और आम नागरिकों को सुरक्षित और पारदर्शी माहौल मिल सके।

Updated on:
11 Apr 2026 02:13 pm
Published on:
11 Apr 2026 02:13 pm