कटनी

आरोपी की हैवानियत ने झकझोरा: 12 दिन बंधक बनाकर महिला से दुष्कर्म, बेटे व पति से मारपीट

बच्चों को जान से मारने की धमकी, कई दिनों तक कमरे में कैद रखकर किया अमानवीय कृत्य पति, बच्चों के साथ भी मारपीट, शक न हो तो पति के साथ करता रहा मजदूरी, माधवनगर थाना क्षेत्र की घटना

3 min read
Feb 26, 2026
बिहार में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म (File Photo)

कटनी. माधवनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में सामने आया महिला से बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला मानवता को शर्मसार करने वाला है। आरोपी ने न केवल महिला की अस्मिता पर हमला किया, बल्कि उसके मासूम बच्चों को ढाल बनाकर पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन घटना की क्रूरता ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार माधवनगर क्षेत्र में विपिन बिलौहा के खेत में पति-पत्नी मजदूरी करते थे। उनके साथ दशरथ कोल नामक व्यक्ति भी काम करता था, जो चांदमारी के पास कचरा प्लांट के समीप रहता है। 12 फरवरी की शाम आरोपी ने साजिश रचते हुए महिला के पति को मोटर बंद करने के बहाने खेत से दूर भेज दिया। पति के हटते ही उसने महिला के दोनों छोटे बच्चों को ऑटो में बैठाया और जान से मारने की धमकी देकर महिला का अपहरण कर लिया।

ये भी पढ़ें

संवेदनहीन स्वास्थ्य तंत्र की तस्वीर: दोपहर 12.30 बजे तक मर्ज से कराहते हुए करते रहे डॉक्टरों का इंतजार

हर दिन देता रहा यातनाएं

आरोपी बच्चों को कछगवां गांव ले गया, जहां एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले परिचित के यहां उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद महिला को चांदमारी के पास एक कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया गया। कमरे को बाहर से ताले में बंद कर दिया गया, जिससे महिला का बाहर निकलना असंभव हो गया। भय और आतंक के साए में उसे रखा गया। बताया गया है कि आरोपी महिला को मानसिक रूप से तोडऩे के लिए लगातार धमकाता रहा। उसे सीमित मात्रा में भोजन दिया जाता था और एक डिब्बे में निस्तार करने के लिए मजबूर किया गया। यह पूरी स्थिति महिला के लिए गहरी यातना और अपमानजनक थी। आरोपी हर दिन उस पर अत्याचार करता रहा और किसी को भनक न लगे, इसके लिए सामान्य रूप से खेत पर काम करने भी जाता रहा।

प्रतीकात्मक तस्वीर-पत्रिका

मां पर पड़ी बेटे की नजर


इधर महिला का पति और परिजन लगातार उसकी तलाश में भटकते रहे। आरोपी ने शक से बचने के लिए झूठी कहानी गढ़ी कि महिला विदिशा में काम करने गई है और चैत्र नवरात के आसपास लौट आएगी। पति इस भरोसे में रहा, लेकिन मन में अनहोनी की आशंका बनी रही। इस बीच महिला का बड़ा बेटा मां को ढूंढते-ढूंढते कचरा प्लांट के पास पहुंच गया, जहां उसने मां को देख लिया। जैसे ही बच्चे ने मां को पुकारा, आरोपी ने उसे पकड़ लिया, मारपीट की और धमकी देकर कुछ रुपए थमाकर भगा दिया। बच्चा किसी तरह खेत पहुंचा और पूरी घटना अपने पिता को बताई।

बच्चों को भी सुरक्षित बरामद किया

बुधवार सुबह पति मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने उसे भी पकड़ लिया और मारपीट की। महिला को भी गंभीर चोटें आईं। शोरगुल होने पर खेत मालिक और अन्य मजदूरों को घटना की जानकारी लगी। सभी ने मिलकर महिला को बंधन से मुक्त कराया। सूचना मिलते ही 112 पर कॉल किया गया, जिसके बाद माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची। कछगवां गांव स्थित ईंट भट्ठे से दोनों मासूम बच्चों को भी सुरक्षित बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी नेहा पच्चीसिया जिला अस्पताल पहुंचीं और पीड़िता से बातचीत की। महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

वर्जन

महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई गई है। इस जघन्य अपराध में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कठोर सजा दिलाने के लिए मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। महिला का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया है।

नेहा पच्चीसिया, डीएसपी।

ये भी पढ़ें

टी-20 मैचों की आड़ में शहर में धड़ल्ले से चल रहा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हर गेंद पर लग रहे करोड़ों के दाव

Published on:
26 Feb 2026 11:26 am
Also Read
View All

अगली खबर