
Yoga For Healthy Life : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह देश के अलग अलग शहरों की तरह मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भी पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस साल की थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' निर्धारित की गई है। इसी के तहत जिलेभर के स्कूलों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधवनगर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा समेत जिलेभर के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
योगाभ्यास के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है और योग को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर बढ़ रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और वैश्विक पहचान का प्रतीक है। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण भी किया गया। इसके बाद प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन समेत कई योगासन तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम कराए गए।
योग सत्र के समापन पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।