
Kannauj Road Accident: कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने कौशांबी जिले के पइंसा क्षेत्र स्थित अफजलपुरवारी गांव के दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। जिस घर में आज (25 नवंबर) को 16 वर्षीय रजीउल्ला के 17वें जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा है। इस दर्दनाक सड़क हादसे में अफजलपुरवारी गांव के दो छात्रों आर्यन चौरसिया (14) और रजीउल्ला (16) की मौत हो गई। दोनों होनहार बेटों की असमय मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है और पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अफजलपुरवारी निवासी शमीउल्ला के घर में रजीउल्ला इकलौता बेटा था। उसके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं, जबकि मां गुलशन बानो पइंसा के कैथीपर गांव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। माता-पिता की शादी के करीब 17 साल की मन्नतों के बाद रजीउल्ला का जन्म हुआ था। 10वीं का छात्र रजीउल्ला 25 नवंबर को पूरे 17 वर्ष का हो जाता, लेकिन जन्मदिन से महज एक दिन पहले हुए इस हादसे ने बुढ़ापे का सहारा छीन लिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि रजीउल्ला उस स्कूल में पढ़ाई भी नहीं कर रहा था, फिर भी दोस्तों के साथ टूर पर चला गया था।
हादसे में जान गंवाने वाला दूसरा छात्र आर्यन चौरसिया (14) अफजलपुरवारी गांव के ही प्रेम कुमार चौरसिया का बेटा था। आर्यन दो भाइयों में छोटा था और 7वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता घर पर ही मेडिकल स्टोर चलाते हैं। आर्यन भी स्कूल की ओर से आगरा घूमने गई बस में सवार होकर गया था। घटना के बाद से आर्यन के घर पर दिनभर शोक-संवेदना जताने वालों का तांता लगा रहा। इसी हादसे में गांव का छात्र पीयूष भी घायल हुआ है। परिजनों को उम्मीद थी कि बच्चे टूर से लौटकर ताजमहल और आगरा घूमने के अपने अनुभव साझा करेंगे, लेकिन इस हादसे ने पीड़ित परिवारों के साथ ही हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस और प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक कौशांबी के उदिहिन स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बच्चे शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के साथ आगरा व मथुरा वृंदावन के टूर पर गए थे। सोमवार रात करीब 12 बजे स्कूल बस करीब 50 छात्रों और स्टाफ को लेकर आगरा से वापस कौशांबी के लिए रवाना हुई थी।
मंगलवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच जब बस कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 209.9 के पास पहुंची, तो बच्चों के शौचालय जाने के लिए चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया था। इस दौरान स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य सलमान सिद्दीकी और शिक्षक कुछ छात्रों के साथ बस से नीचे उतरे थे, जबकि अधिकतर बच्चे बस के भीतर सो रहे थे। तभी पीछे से आ रहे आलू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्कूल बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़कर बिखर गईं, जिससे बच्चे सीटों के बीच फंस गए। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों, ठठिया पुलिस और UPEIDA की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
इस हादसे में कुल 4 छात्रों की मौत हुई, जिनमें कौशांबी के आर्यन चौरसिया और रजीउल्ला के अलावा फतेहपुर जिले के धाता क्षेत्र निवासी अरमान और जैद मिर्जा शामिल हैं। वहीं, दो दर्जन से अधिक छात्र और स्कूल स्टाफ घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल स्कूल प्रबंधक सलमान और एक छात्र को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।