
कौशांबी जिले में शुक्रवार को भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां कानपुर से प्रतापगढ़ जा रहा LPG टैंकर बेकाबू होकर कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर टकरा गया। टक्कर के साथ ही तेज धमाका हुआ और टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसे में टैंकर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।
सिहोरी टोल प्लाजा के पास टैंकर में आग लगने से चालक की मौत हो गई है। टैंकर में लगी भीषण आग में ड्राइवर जिंदा जलकर कंकाल बन गया। हादसे के बाद उसकी सिर्फ हड्डियां बरामद हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर की स्पीड 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा के आसपास थी। ओवरटेकिंग करते समय टैंकर डिवाइडिंग लेन से टकराया और पलट गया। टक्कर के बाद गैस रिसाव होने से पहले धमाका हुआ, फिर आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टैंकर में आग लगने के बाद आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। हादसे की वजह से टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।
टैंकर में लगी आग टोल प्लाजा के यार्ड तक फैल गई। आग की चपेट में आने से यार्ड में खड़ी 16 बाइकें और 2 कारें जल गईं। इसके अलावा हादसे में टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। एसपी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि कुल 7 लोग घायल हुए। घायलों की पहचान आलोक सिंह (25), कृष्णपाल मौर्य (26), हीरामणि सिंह (27), अतुल मिश्रा (25) और अनिल कुमार (35) के रूप में हुई है। पांच घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर प्रयागराज स्थित SRN अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
SRN अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायल 60 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इन्हें स्पेशल बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज चल रहा है। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। डीएसओ और तकनीकी टीम को मौके पर भेज दिया गया है, जो हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैस रिसाव से धमाका हुआ और फिर आग लग गई।