कवर्धा

Road Accident: ट्रक-ऑटो की भीषण भिड़ंत में 2 लोगों की मौत, नेशनल हाईवे पर मचा हड़कंप

Road Accident: कवर्धा जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक और ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
2 min read
Feb 14, 2026
Road accident (Representational Photo)
Road accident (Representational Photo)

Road Accident: कवर्धा जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक और ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद ऑटो चालक का शव वाहन में ही फंसा रह गया था, जिसे पुलिस और राहगीरों की मदद से बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान गौथर धुर्वे (38) पिता समारू धुर्वे निवासी धनियाझोर थाना गढ़ी जिला बालाघाट मध्यप्रदेश और भागचंद धुर्वे (23) पिता रज्जू धुर्वे निवासी मनौरी थाना मोतीनाला जिला बालाघाट मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। दोनों ऑटो में सवार थे और हादसे में उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी चालक को पकड़ लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर आए दिन इस तरह के गंभीर हादसे हो रहे हैं। तेज रफ्तार और ओवरलोड भारी वाहनों को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण माना जा रहा है। भारी वाहन चालक पक्की सडक़ पर छोटे वाहनों की तरह तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं, जिससे अचानक सामने वाहन आने पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो जाता है।

दुर्घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल

उल्लेखनीय है कि दो माह पूर्व भी इसी मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी थी, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। नागरिकों ने हाईवे पर सख्त निगरानी, गति नियंत्रण और ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Updated on:
14 Feb 2026 08:31 am
Published on:
14 Feb 2026 08:31 am