Supreme Court TET Decision: सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य हो गया है। इस फैसले का असर प्रदेश के करीब 3750 शिक्षकों पर पड़ सकता है।
Chhattisgarh TET Exam 2026: सुप्रीम कोर्ट द्वारा 29 मई को दिए गए ऐतिहासिक फैसले में पुनर्विचार याचिका को खारिज किए जाने के बाद अब प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करना पूरी तरह अनिवार्य हो गया है। अब शिक्षकों को अपनी सेवा सुरक्षा व पदोन्नति के अवसरों को बचाए रखने के लिए हर हाल में टेट परीक्षा पास करनी होगी।
संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति के अवसर और स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार को ध्यान में रखते हुए इस विभागीय सीमित परीक्षा का आयोजन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षक संवर्ग के हित में औपचारिक रूप से इस परीक्षा का आयोजन करना शिक्षा विभाग की एक सकारात्मक सोच और सहृदयता को दर्शाएगा।
एसोसिएशन ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि टेट की यह अनिवार्यता केवल प्राथमिक और मिडिल स्कूल के शिक्षकों पर लागू हो रही है। जिले में प्राथमिक और मिडिल स्कूलों को मिलाकर कुल 3750 शिक्षक ऐसे हैं जिन्हें अपनी सेवा सुरक्षा के लिए यह परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।
शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि टेट परीक्षा को लेकर किसी भी शिक्षक को घबराने या मानसिक तनाव लेने की आवश्यकता नहीं है। सभी शिक्षक पूरी सकारात्मकता के साथ परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन शिक्षकों के हितों और उनकी सेवा सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए शासन स्तर पर सतत प्रयासरत है।
शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने टेट पास करने की समय-सीमा को बढ़ा दिया है। इससे पहले 1 सितंबर 2025 को दिए गए निर्णय के अनुसार शिक्षकों को दो साल का समय देते हुए अंतिम तिथि 31 अगस्त 2027 निर्धारित की गई थी। अब 29 मई 2026 को आए नए फैसले में इस समय-सीमा को एक साल और आगे बढ़ाते हुए 31 अगस्त 2028 तक तय कर दिया गया है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने प्रदेश सरकार को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह साल में कम से कम दो बार इस परीक्षा का आयोजन करे, ताकि कार्यरत शिक्षकों को अपनी योग्यता साबित करने के पर्याप्त और उचित अवसर मिल सकें।
वर्तमान में जो टेट परीक्षा के प्रावधान हैं वे सामान्य और नए अभ्यर्थियों के लिए लागू होते हैं। विभाग में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे अनुभवी शिक्षकों के लिए पृथक से कोई व्यवस्था नहीं है। यदि ऐसा ही रहा तो कई वरिष्ठ शिक्षक पदोन्नति और सेवा सुरक्षा के लाभ से वंचित हो जाएंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए संघ ने शासन को व्यावहारिक सुझाव भेजे हैं।