
कवर्धा . भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को नया मंडी प्रांगण में कवर्धा विधानसभा के 799 बूथों के 16 सौ से अधिक बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष, बूथ सचिव व बीएलए को अटल स्मृति दूत का प्रशिक्षण दिया गया। अटल स्मृति दूत प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन की दृष्टि से आगामी चुनाव को जीतने के लिए 40 दिन तक तन मन धन से काम करने के टिप्स दिए। अटल स्मृति दूत के प्रशिक्षक संजीव सिंह प्रशिक्षण विभाग दिल्ली ने कार्यकर्ताओं को 5 घंटे चुनाव जीतने के लिए मंथन कराया। इस दौरान सांसद अभिषेक सिंह मिशन 65 प्लस के लक्ष्य को पार करते हुए इस बार कवर्धा विधानसभा को 26 हजार से अधिक वोटों से जीतने का संकल्प कार्यकर्ताओं को दिलाया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष व पूर्व महापौर सुनील सोनी ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की भाजपा संगठन को सर्वश्रेष्ठ बताया। उन्होंने कहा भाजपा के कार्यकर्ता चुनावी नहीं है। वह तो निरंतर काम करने वाले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथों का अपग्रेडन और बूथ जीतने पर फोकस करने के सुझाव दिए।
विकास की नई दिशा
प्रशिक्षण के दौरान सांसद सिंह ने कहा कांग्रेस आजादी के बाद लगातार देश में 50 साल से अधिक राज किया। उन दिनों छत्तीसगढ़ की पहचान एक बीमारी राज्य के रूप में हुआ करती थी। यही 50 सालों की कांग्रेस कार्यकाल की उपलब्धि मानी जाती है। बिगड़े हालातों में जनता ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के हाथों प्रदेश का बाग डोर दिया। इन 14 वर्षों में भाजपा सरकार ने प्रदेश को विकास की नई दिशा दी।
नया रायपुर में बनेगा अटल स्मारक
अटल स्मृति दूत प्रशिक्षण में सभी कार्यकर्ताओं को विधानसभा के प्रत्येक बूथों के पवित्र स्थानों से मिट्टी संग्रहण करने को कहा गया है। इस मिट्टी से नया रायपुर में अटल स्मारक का निर्माण किया जाएगा। इसी स्मारक से प्रदेश की पहचान होगी। इस प्रशिक्षण में कवर्धा विधायक अशोक साहू, भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष पांडेय, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. सियाराम साहू, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान उन्हे कई जानकारी दी गई।