कवर्धा

शिक्षा विभाग का सख्त फरमान, कवर्धा के 11 कर्मचारियों का संलग्नीकरण खत्म, ब्रेक इन सर्विस की चेतावनी

Teacher Attachment Cancelled: शिक्षा विभाग ने वर्षों से कार्यालयों में संलग्न (अटैच) कर्मचारियों पर सख्ती शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने 11 कर्मचारियों का संलग्नीकरण तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें मूल पदस्थापना वाले स्कूलों में लौटने के आदेश दिए हैं।
2 min read
Jul 18, 2026
Teacher
शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन (Patrika File Photo)

Chhattisgarh Education News: स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी के बीच वर्षों से विभिन्न कार्यालयों में संलग्न (अटैच) होकर काम कर रहे कर्मचारियों पर आखिरकार शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कबीरधाम ने 11 कर्मचारियों का संलग्नीकरण तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें उनकी मूल पदस्थापना वाले स्कूलों में वापस भेजने का आदेश जारी कर दिया है।

विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि अब मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण कर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वालों का वेतन रोका जाएगा और लगातार अनुपस्थित रहने पर ब्रेक इन सर्विस जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।

शिक्षा विभाग के इस कदम को जिले के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से महसूस की जा रही स्टाफ की कमी दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कई विद्यालयों में शिक्षक और कर्मचारी कम होने के बावजूद अनेक कर्मचारी वर्षों से कार्यालयों में संलग्न होकर काम कर रहे थे। ऐसे में संलग्नीकरण समाप्त होने से विद्यालयों में मानव संसाधन की उपलब्धता बढऩे की उम्मीद है।

शासन का आदेश

लोक शिक्षण संचालनालय ने 14 जुलाई को जारी आदेश में स्पष्ट किया था कि विभाग में वर्षों से चली आ रही संलग्नीकरण व्यवस्था समाप्त (Teacher Attachment Cancelled) की जा रही है। सभी गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को तत्काल मूल पदस्थापना वाले कार्यालय अथवा संस्था में लौटकर ऑनलाइन एईबीएएस प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके बावजूद निर्देशों की अनदेखी करने वालों पर जुलाई माह का वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। इसके अगले ही दिन 15 जुलाई को संचालनालय ने एक और आदेश जारी कर निर्देशों को और कड़ा कर दिया।

इसमें कहा गया कि निर्धारित समय-सीमा के बाद भी मूल पदस्थापना पर नहीं लौटने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध ब्रेक इन सर्विस का प्रस्ताव भेजा जाएगाए जिसका सीधा असर उनकी सेवा अवधि और भविष्य के सेवा लाभों पर पड़ेगा। इन्हीं निर्देशों के पालन में जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा ने शुक्रवार को आदेश जारी कर संलग्नीकरण समाप्त कर दिया। इनमें शिक्षक, प्रधान पाठक और व्याख्याता शामिल हैं, जो विभिन्न बीईओ कार्यालयों, समग्र शिक्षा कार्यालय, एपीसी कार्यालय, बीआरसी और अन्य कार्यालयों में संलग्न थे।

इन 11 कर्मचारियों का संलग्नीकरण समाप्त

  • गोविंद राम पटेल, शिक्षक एलबी पूर्व माध्यमिक शाला महरोटोल
  • रोशे लाल पाटिल, प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला मुड़ेपार
  • रामचरण साहू, व्याख्याता एलबी उच्च माध्यमिक विद्यालय कुंडा
  • संतोष कुमार तिवारी, व्याख्याता एलबी हाईस्कूल गोरखपुरकला
  • राजू चंद्रवंशी, शिक्षक एलबी पूर्व माध्यमिक शाला पालीगुड़ा
  • राजेश कौशिक, शिक्षक एलबी पूर्व माध्यमिक शाला विरेन्द्रनगर
  • राकेश चंद्रवंशी, व्याख्याता एलबी उच्च माध्यमिक विद्यालय झलमला
  • केशवलाल साहू, प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला जिन्दा
  • मंजू चंद्रवंशी, शिक्षक एलबी पूर्व माध्यमिक शाला छिरहा
  • तानेश्वरी भारते, व्याख्याता एलबी उच्च माध्यमिक विद्यालय जेवडऩखुर्द
  • रूपेंद्र कुमार पटेल, सहायक शिक्षक एलबी प्राथमिक शाला नानापुरी

विभाग का स्पष्ट संदेश

शासन के आदेशों से साफ संकेत है कि अब शिक्षा विभाग संलग्नीकरण (Chhattisgarh Education News) की पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर कर्मचारियों को मूल पदस्थापना पर वापस भेजने के पक्ष में है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर वेतन आहरित नहीं किया जाएगा तथा लगातार आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कठोर सेवा संबंधी कार्रवाई भी की जाएगी।

Updated on:
18 Jul 2026 10:28 am
Published on:
18 Jul 2026 10:28 am