कवर्धा

kawardha News: छह दिन से लापता महिला का शव जंगल में मिला, पेड़ से लटकी मिली साड़ी, जांच में जुटी पुलिस

kawardha News: कवर्धा के भोरमदेव थाना क्षेत्र में छह दिन से लापता 28 वर्षीय महिला का शव जंगल में मिला। पेड़ से साड़ी बंधी मिली है।
2 min read
Aug 02, 2026
kawardha News
गुमशुदा महिला का शव जंगल में मिला (Photo Patrika)

kawardha Crime News: कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र में लापता महिला का शव जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला छह दिन पहले घर से बिना बताए निकली थी और इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों की तलाश के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में उसका शव मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

26 जुलाई से थी लापता

पुलिस के अनुसार ग्राम चौरा निवासी झंगल बैगा ने 1 अगस्त 2026 को थाना भोरमदेव पहुंचकर अपनी पत्नी चैती बाई बैगा (28 वर्ष) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि चैती बाई 26 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल महिला की तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों को भी आसपास के जंगल और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के लिए कहा गया।

जंगल में मिला शव

तलाश के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को महिला के घर से करीब 200 मीटर दूर `जंगल-झाड़ी में स्थित एक सेन्हा पेड़ के पास संदिग्ध स्थिति दिखाई दी। पेड़ की डंगाल पर मृतका की साड़ी का एक सिरा बंधा हुआ मिला। इसके बाद आसपास तलाश करने पर महिला का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही भोरमदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न भौतिक साक्ष्य जुटाए और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हत्या या आत्महत्या, हर पहलू पर जांच

पुलिस फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से मांगी सहयोग की अपील

भोरमदेव थाना पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने महिला को 26 जुलाई के बाद कहीं देखा हो या घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इससे जांच में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
02 Aug 2026 01:42 pm
Published on:
02 Aug 2026 01:40 pm