
Elephant Terror in Kawardha: मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर 10 दिनों तक ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बने हाथियों के झुंड से फि लहाल राहत मिली है। चार हाथियों का दल जिले की सीमा से दूर घने जंगलों की ओर बढ़ गया है। हालांकि एक हाथी अब भी जिले के वन क्षेत्र में विचरण कर रहा है। उसे सुरक्षित तरीके से सीमा से बाहर खदेडऩे के प्रयास में वन अमला जुटा हुआ है।
कबीरधाम जिले का ऊपरी वन क्षेत्र मध्यप्रदेश के मंडला जिले के फेन अभयारण्य और कान्हा टाइगर रिजर्व से जुड़ा हुआ है। यह हाथियों के आवागमन का पारंपरिक गलियारा है। छत्तीसगढ़ की ओर यह क्षेत्र अचानकमार टाइगर रिजर्व से जुड़ता है, जहां से आगे गौरेला-पेंड्रा, कोरबा और अंबिकापुर तक वन क्षेत्र फैला हुआ है। हाथियों के दल इसी प्राकृतिक गलियारे का उपयोग करते हैं। कई बार रास्ता भटकने पर वे आसपास के जंगलों और वनग्रामों की ओर बढ़ जाते हैं। रिहायशी इलाकों में पहुंचने पर मकान, फसल और खाद्यान्न को नुकसान पहुंचने के साथ जनहानि का खतरा भी बढ़ जाता है।
जिला वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल का कहना है कि हाथियों का आने-जाने का निर्धारित रास्ता है। कभी-कभी दल भटककर दूसरे क्षेत्रों में पहुंच जाता है। वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। एक हाथी अब भी जिले के वन क्षेत्र में मौजूद है, ऐसे में ग्रामीण जंगल और आसपास के इलाकों में आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
सरगुजा जिले में पिछले 6 महीने में 19 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी (Kabra elephant news) के रेस्क्यू अभियान के बाद वन विभाग की टीम बुधवार को वापस लौट गई। 12 दिनों तक उदयपुर के जंगलों में चले अभियान के दौरान टीम ने कई चुनौतियों का सामना किया। आखिरकार 18 नवंबर को कबरा को ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर पहनाने में सफलता मिली। रेस्क्यू के बाद अब उसके व्यवहार में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। वन विभाग के कर्मचारियों के अनुसार कबरा की आक्रामकता पहले की तुलना में कम हुई है। वह फिलहाल किसी पर हमला नहीं कर रहा है और दोबारा 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है। रेडियो कॉलर के माध्यम से वन विभाग उसकी लगातार निगरानी कर रहा है।