कवर्धा

दीपावली पर किसानों को मिली खुशियों की सौगात! 13 हजार किसानों को 126.59 करोड़ का भुगतान, बोनस और रियायती शक्कर से खिले चेहरे

Diwali Bonus 2025: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दीपावली के अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने गन्ना किसानों को सौगात दी।

2 min read
Oct 19, 2025
चुंगी क्षतिपूर्ति मद से 51.71 करोड़ आवंटित (photo-patrika)

Diwali Bonus 2025: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दीपावली के अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने गन्ना किसानों को सौगात दी। उन्होंने भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के शेयरधारक गन्ना किसानों को रियायती दर पर 50 किलो शक्कर का वितरण कर त्योहार की खुशियों को दोगुना किया।

सहकारी शक्कर कारखानों में पिछले वर्ष से रियायती दर पर किसानों को शक्कर वितरण शुरु किया गया। इस वर्ष भी गन्ना विक्रेता किसानों को 50 किलो शक्कर रियायती दर पर वितरण किया गया।

Diwali Bonus 2025: कुल 126.59 करोड़ रुपए का भुगतान

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसकी शुरुआत की। करीब 13 हजार से अधिक शेयरधारक गन्ना किसानों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में लगभग 30 लाख रुपए की लागत से बने आधुनिक बलराम सदन मतलब किसान रेस्ट हाउस का लोकार्पण किया।

पेराई सत्र 2024-25 के गन्ना विक्रेताओं को 11.09 करोड़ रुपए बोनस की राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने पंडरिया में किसान सदन, 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड और 2.50 लाख रुपए की नाली निर्माण की घोषणा भी की। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

करीब 13 हजार किसानों को लाभ

उन्होंने बताया कि प्रदेश के खेतों में गन्ना उत्पादन लगातार बढ़ा है इसलिए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने की पेराई क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में कारखाने की पेराई क्षमता 4000 मीट्रिक टन प्रतिदिन है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अधिक से अधिक गन्ना इसी कारखाने में बेचें ताकि उन्हें मूल्य का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनपद प्रतिनिधि रामकिंकर वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

एसी युक्त प्रतीक्षालय

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में नव निर्मित बलराम सदन किसान रेस्ट हाउस में किसानों के ठहरने और विश्राम की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। एसी युक्त प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, वाटर कूलर, टीवी और साफ सफाई की व्यवस्था है। पहले किसानों को कारखाना परिसर में लंबे इंतजार के दौरान बैठने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। अब इस सदन से किसानों को राहत और सुविधा दोनों मिलेंगी।

मरीजों के लिए सुविधा बढ़ाने का कार्य

डिप्टी सीएम ने बताया कि कबीरधाम जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूती देने के लिए मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिल गई है और शीघ्र भूमि पूजन किया जाएगा। जिला अस्पताल को अपग्रेड कर 220 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल बनाया जा रहा है। मरीजों की जांच सुविधा बढ़ाने के लिए आधुनिक सिटी स्कैन मशीन भी पहले ही स्थापित की जा चुकी है।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि कवर्धा में भोजली तालाब के सामने हनुमंत वाटिका का निर्माण किया गया है। चिल्फी से रेंगाखर मार्ग हेतु 11 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है जिससे इस पर्यटन व व्यवसायिक कॉरिडोर को गति मिलेगी।

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने द्वारा पेराई सत्र 2024-25 के तहत अब तक किसानों को 126.59 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। मई 2025 में 87.65 करोड़ रुपए समर्थन मूल्य, जुलाई में 27.79 करोड़ रिकवरी भुगतान और दीपावली से पूर्व 11.09 करोड़ बोनस कारखाना क्षेत्र के 11 हजार 769 किसानों ने अब तक कुल 2 लाख 78 हजार 177 मीट्रिक टन गन्ने की आपूर्ति की है।

Published on:
19 Oct 2025 02:31 pm
Also Read
View All