
PM Awas Washed Away: छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहीं नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। इस बीच कवर्धा जिले से बारिश और तेज बहाव से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नदी किनारे बना एक मकान देखते ही देखते पानी में समाता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि कवर्धा जिले के अमरौड़ी गांव में सकरी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी का बहाव काफी तेज हो गया। नदी के किनारे बना एक प्रधानमंत्री आवास तेज बहाव की चपेट में आ गया। पहले मकान का एक हिस्सा ढहा और इसके बाद देखते ही देखते पूरा घर नदी के पानी में बह गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कवर्धा जिले में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते सकरी नदी में पानी की आवक बढ़ गई। जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी का बहाव भी तेज हो गया। नदी के आसपास रहने वाले लोगों को भी बढ़ते पानी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। अमरौड़ी गांव में नदी के करीब बने इस मकान पर भी तेज बहाव का असर पड़ा। पानी का दबाव बढ़ने के बाद मकान कमजोर हुआ और देखते ही देखते वह ढहकर नदी में समा गया।
राहत की बात यह रही कि जिस समय मकान नदी के पानी में बहा, उस वक्त घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। जानकारी के मुताबिक, नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता देखकर मकान में रहने वाले परिवार ने पहले ही घर खाली कर दिया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के बाद नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा था। खतरे को देखते हुए परिवार ने समय रहते मकान से अपना सामान निकाल लिया था। इसके बाद तेज बहाव की चपेट में आने से पूरा मकान नदी में बह गया।
सकरी नदी में पानी बढ़ने के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया। नदी के आसपास बने कुछ अन्य मकानों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है। लोगों को नदी के किनारे नहीं जाने और बढ़ते जलस्तर से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के कारण जिले में नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
मकान के नदी में समाने का वीडियो स्थानीय लोगों ने बनाया है। वीडियो में तेज बहाव के बीच नदी किनारे बना मकान अचानक ढहता और पानी में बहता दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। हालांकि, इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते मकान खाली कराए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आसपास के लोगों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
इधर, लगातार बारिश का असर बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर भी देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद जलप्रपात में पानी का बहाव बढ़ गया है और चित्रकोट अपने खूबसूरत के साथ-साथ रौद्र रूप में नजर आ रहा है। बारिश के मौसम में चित्रकोट जलप्रपात का स्वरूप काफी आकर्षक हो जाता है। हालांकि, पानी का बहाव बढ़ने के साथ यहां सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी जरूरी है। प्रदेश के कई अन्य नदी, नालों और जलप्रपातों में भी बारिश के बाद पानी का स्तर बढ़ा हुआ है।