
Kawardha incident: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। कुकदूर थाना क्षेत्र के लोखान गांव में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय मासूम छात्र कमलेश की उफनते नाले में बहने से मौत हो गई। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन बुधवार सुबह दूसरे गांव के पास उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, कमलेश (7 वर्ष), पिता दुर्गेश, गांव के स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। मंगलवार को क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गांव का नाला उफान पर था। शाम करीब 4:30 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद कमलेश अन्य बच्चों के साथ घर लौट रहा था। घर पहुंचने के लिए नाला पार करते समय वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमलेश के साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नाले का बहाव इतना तेज था कि वे उसे पकड़ नहीं सके। कुछ ही पलों में वह तेज पानी के साथ बह गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तथा ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने देर रात तक नाले और आसपास के क्षेत्रों में मासूम की तलाश की। हालांकि, अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। पूरी रात परिजन बेटे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए रहे।
बुधवार सुबह करीब 7 बजे गांव से बाहर कडमा गांव के पास नाले में कमलेश का शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने से बचें। विशेष रूप से बच्चों को अकेले ऐसे रास्तों से नहीं भेजने की सलाह दी गई है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।