
शासकीय आत्मानंद विद्यालय (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Berla School Incident: बेमेतरा जिले के नगर पंचायत बेरला स्थित शासकीय आत्मानंद विद्यालय में शिक्षकों की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा दूसरी के छात्र को स्कूल परिसर में गंभीर चोट लगने के बावजूद समय पर उपचार नहीं मिल सका। परिजनों का कहना है कि बच्चा लगभग तीन से चार घंटे तक दर्द से तड़पता रहा लेकिन स्कूल प्रबंधन ने तत्काल चिकित्सा व्यवस्था नहीं कराई। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को कक्षा दूसरी का छात्र प्रतिदिन की तरह स्कूल गया था। इसी दौरान उसे स्कूल परिसर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी किडनी प्रभावित हुई। आरोप है कि चोट लगने के बाद भी छात्र लंबे समय तक कक्षा में ही दर्द से कराहता रहा। करीब चार घंटे बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तत्काल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरला लेकर पहुंचे।
बच्चे के पिता ने आरोप लगाया कि यदि स्कूल प्रबंधन (Bemetara News) समय रहते उचित कदम उठाता तो बच्चे की स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ ऐसी घटना न हो।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी जेपी करमाकर ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही स्कूल के प्राचार्य को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मासूम की गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार बेहतर उपचार के लिए बच्चे को हैदराबाद ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वर्तमान में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि जिले के कई सेजस स्कूलों में व्यवस्थाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
Updated on:
22 Jul 2026 12:18 pm
Published on:
22 Jul 2026 12:18 pm
