खंडवा

मप्र के इस जिले में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य जलसे से सरकारी स्कूल ‘आजाद’

आजादी के जश्न में डूबा है देश का हर व्यक्ति, लेकिन इस जगह से आ रही है एक अलग ही खबर।
2 min read
• •
Updated: 14 Aug 2018, 12:37 PM IST
15 august 2018 independence day news
15 august 2018 independence day news

खंडवा. स्वतंत्रता दिवस के मुख्य जलसे से इस बार सरकारी स्कूल 'आजाद' कर दिए गए हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सिर्फ निजी स्कूलों के भागीदारी ही नजर आएगी।
15 अगस्त को जिला मुख्यालय के मुख्य समारोह में प्रस्तुति देने के लिए स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने तैयारियां की हैं। खास बात ये है कि इस साल एक भी सरकारी स्कूल इसमें प्रस्तुति नहीं देगा। एेसा इसलिए, क्योंकि इस संबंध में हुए मंथन में कलेक्टर ने आदेश दिए थे कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में समय कम रखा जाएगा। 6 स्कूलों के नाम सुझाए गए थे लेकिन कहा गया कि ३ स्कूलों की ही प्रस्तुति होगी। हालांकि ग्रेंड रिहर्सल में कुल 4 स्कूलों की प्रस्तुति देखी गई और सभी के नाम पर मुहर लगा दी गई है।

ये स्कूल इन गीतों पर देंगे प्रस्तुति
भंडारी पब्लिक स्कूल: 'हम भारत के भावी रक्षक, हिंदुस्तान हमारा है...'
स्कॉलर्स डेन: 'पूरब से पुरवाई आई, ये संदेशा लाई...'
सेंट जोंस कॉन्वेंट हासे स्कूल: 'स्वर्ग से सुंदर देश हमारा...'
हॉली स्पिरिट कॉन्वेंट स्कूल: 'स्वागत यहां का कल्चर है, दोस्ती यहां का उत्सव है...'

ये सरकारी स्कूल हो गए बाहर
सरकारी जलसे के मुख्य उत्सव में हर साल उत्कृष्ट स्कूल, एमएलबी और सूरजकुंड स्कूल की भी प्रस्तुतियां होती हैं लेकिन इस साल इनमें से किसी को भी जगह नहीं मिल रही है। उत्कृष्ट स्कूल में जहां स्थायी प्राचार्य के अभाव और शिक्षकों के तबादलों के दौर के बीच तैयारियां कमजोर होने से दावा कमजोर पड़ा तो वहीं अन्य दो स्कूल भी शामिल नहीं किए जा रहे हैं।

मदरसों के बच्चे निकालेंगे रैली
खंडवा जिला मुख्यालय पर चल रहे मदरसों के बच्चों द्वारा भी 15 अगस्त के मौके पर रैली निकाली जाएगी। इस संबंध में मदरसा बोर्ड अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने डीईओ जेएल रघुवंशी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर उनसे बात की। रैली संभवत: उत्कृष्ट स्कूल के सामने से निकाली जाएगी। ध्वजारोहण भी किया जाएगा। डीईओ ने कहा कि ये तो अच्छी बात है।

- कार्यक्रम को छोटा किया
मुख्य कार्यक्रम अधिक लंबा खींच जाता है, जिससे लोगों को अरुचि होती है। स्कूल कम किए हैं तो किसी को तो ड्रॉप करना ही था। तैयारी तो सरकारी स्कूलों की हो गई थी, पर सबको नहीं ले सकते।
जेएल रघुवंशी, डीईओ

- निर्देशों का कर रहे हैं पालन
छह स्कूलों की प्रस्तुतियों की बात कही गई थी लेकिन 3 स्कूलों की प्रस्तुति कराए जाने के निर्देश हमें जिला प्रशासन से मिले। चार स्कूल तैयारी कर रहे थे, ग्रेंड रिहर्सल में इन सभी को स्वीकृति मिल गई। ये सभी निजी स्कूल हैं।
आशा कटियार, जिला खेल अधिकारी, शिक्षा विभाग

Published on: