खंडवा

Khandwa News : मुस्कुराते हुए रवाना हुए कांग्रेस नेता, कुछ ही देर में आई मौत की खबर, अस्पताल में लगी भीड़

Khandwa News : खंडवा के खकनार के ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन की कार एक्सीडेंट में मौत, आज होगा अंतिम संस्कार, तैयारियां शुरु
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 7:50 AM IST
खकनार के ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन
खकनार के ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन image patrika

Khandwa News : खंडवा के पास अमरावती स्टेट हाईवे पर दो कारों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कांग्रेस के दीपावली मिलन समारोह से लौट रहे खकनार के ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन और एक व्यक्ति की मौत हो गई। महाजन का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा जिसकी तैयारियां की जा रहीं हैं। हादसे में दोनों कारों में सवार कुछ लोग घायल भी हुए। टकराने के बाद एक कार सड़क के नीचे जाकर पलट गई। वहीं दूसरी का सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ग्राम लछौरा के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों कारें बहुत स्पीड में थीं। ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन पार्टी के एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। खास बात यह है कि वे कार्यकर्ताओं से मिलकर हंसते मुस्कुराते हुए वहां से रवाना हुए पर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे से दुखी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अस्पताल में भीड़ लग गई।

जसवाड़ी रोड पर गुरुवार को ग्राम टिगरिया के पास कांग्रेस नेता की होटल में कांग्रेस लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए दीपावली मिलन समारोह का आयोजन रखा था। कार्यक्रम में खंडवा के साथ ही बुरहानपुर के कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे। कांग्रेस नेता अरुण यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद थे। रात करीब 10 बजे कार्यक्रम से खकनार के ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन अपने भांजे अक्षय के साथ कार क्रमांक एमपी 68 -सी- 2551 से वापस लौट रहे थे। इस बीच ग्राम लछौरा के पास कार क्रमांक एमपी 47-टी-0281 और उनकी कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस कार में प्रमोद और श्रवण दो लोग सवार थे। दोनों ही कार तेज गति में होने की बात सामने आई है।

प्रमोद की कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई थी। ग्रामीणों की मदद से दोनों कार में सवार गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने अजय महाजन और दूसरी कार में सवार श्रवण को मृत घोषित कर दिया। घायल अक्षय और प्रमोद को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

दिवाली मिलन समारोह से हंसी खुली लौट रहे थे महाजन

हादसे में घायल अक्षय और प्रमोद का उपचार जारी है। परिचितों ने बताया कि खकनार ब्लॉक अध्यक्ष महाजन कार्यक्रम से हंसी खुशी रवाना हुए थे। महाजन सहित दो लोगों की दुर्घटना में मौत की जानकारी लगते ही कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की अस्पताल में भीड़ लग गई। हालांकि अरुण यादव अस्पताल नहीं पहुंच सके। बताया जाता है वे पहले ही कार्यक्रम से खरगोन के लिए रवाना हो गए थे। शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघूवंशी, अर्श पाठक, सुनील सकरगाए, मुल्लू राठौर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आज अंतिम संस्कार

कांग्रेस के खकनार ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। घर में परिजनों, रिश्तेदारों ने इसकी तैयारियां शुरु कर दी हैं।

Updated on:
13 Nov 2026, 7:50 AM IST
Published on: