
Khandwa News : भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार अपने दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर हैं। रविवार को दौरे के दूसरे दिन वो खंडवा जिले में स्थित धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने सपत्नीक प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर महादेव के दर्शन और विशेष पूजन - अर्चन किये। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी अनुराधा भी मौजूद रहीं।
ओंकारेश्वर पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का मंदिर प्रशासन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। ममलेश्वर मंदिर के पुजारियों और तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें पूरे विधि - विधान से गर्भगृह में जलाभिषेक और पंचामृत पूजा संपन्न कराई। इसके बाद उन्होंने बाबा ममलेश्वर की भव्य महाआरती में भाग लिया और देश की सुख - समृद्धि की कामना की।
महादेव के दर्शन और स्तुति के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए अपने इस आध्यात्मिक अनुभव को साझा किया। उन्होंने देश के लोकतंत्र और नागरिकों के लिए बाबा से विशेष प्रार्थना की।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि, महादेव के दर्शन का सौभाग्य मुझे और मेरी पत्नी अनुराधा को यहां प्राप्त हुआ है। हमने बाबा ममलेश्वर से प्रार्थना की है कि भारतवर्ष के सभी मतदाताओं और देश के ऊपर एक सशक्त और पारदर्शी लोकतंत्र की कृपा हमेशा बनी रहे। इसके साथ ही हमने देश के सभी मतदाताओं के उत्तम स्वास्थ्य और उनके आध्यात्मिक कल्याण की भी अच्छी कामना की है।
इस धार्मिक यात्रा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त अपने दौरे के अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गए। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे समय उनकी सुरक्षा और अगवानी में तैनात रहे।
बता दें कि, दौरे के पहले दिन सीईसी ज्ञानेश कुमार ने इंदौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बीएलओ से संवाद में कहा था कि, एमपी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) व मतदाता सूची का परिशोधन कार्य पारदर्शी, सुलभ व व्यवस्थित ढ़ंग से हुआ है। ये देश में उदाहरण है। देश की चुनावी प्रक्रिया विश्व की सबसे पारदर्शी व विश्वसनीय प्रक्रियाओं में से एक है। यही कारण है कि भारत 35 प्रमुख लोकतांत्रिक देशों के संगठन इंटरनेशनल आइडिया 2026 की अध्यक्षता कर रहा है।
बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधा संवाद कार्यक्रम के दौरान लता मंगेशकर ऑडिटोरियम उन्होंने विषम हालातों में काम करने वाले बीएलओ की सराहना भी की। उस दौरान उन्होंने एमपी में एसआइआर प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की और सभी के कार्यों की सराहना कर यही सब आगे भी करने के लिए प्रेरित किया था।