MP News: क्रोशित मुस्लिम समाज के युवको ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रकरण दर्ज करने के बाद भी युवक थाने में पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहें।
MP News: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर गुरुवार को खंडवा के मोघट थाने में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित मुस्लिम समाज के युवको ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति उस समय बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारी युवकों और पुलिस के बीच झूमाझटकी होने लगी, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इससे भगदड़ मच गई। इस दौरान युवकों ने राह चलते लोगो से मारपीट भी की।
प्रकरण दर्ज करने के बाद भी युवक थाने में पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहें। इस दौरान समझाने आए आरक्षक शेखर चौहान के साथ झूमाझटकी कर धक्का दे दिया। यह देख वहां खड़े थाना प्रभारी धीरेश धारवाल युवकों को समझाने गए लेकिन वे भी उन्हें धक्का देने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मी भीड़ को थाने से बाहर करने लगी थी। तभी युवकों ने हंगामा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लए लाठी चार्ज कर दिया।
वाहनों को गिराया, चप्पलों का लग गया ढेर
पुलिस के लाठीचार्ज से भगदड़ मच गई। इस बीच नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य और पदमनगर थाना प्रभारी जगदीश जमरा भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने आते से ही लाठियां भांजी। जिसके बाद सड़क चप्पलों से पट गई।
राह चलते लोगों के साथ की मारपीट
पुलिस द्वारा खदेड़े जाने के बाद युवकों ने राह चलते लोगों के साथ भी मारपीट की। दुबे कॉलोनी निवासी इशिका विश्वकर्मा अपने छोटी भाई के साथ नवचंडी मंदिर बुआ के घर जा रही थी, तभी नेहरू स्कूल के एयू चौराहे पर भीड़ में शामिल युवकों ने उसके साथ मारपीट की। उसे थप्पड़ मारे, जिसके बाद इशिका वहां से घर आ गई। परिवार के साथ मोघट थाने पहुंचकर मारपीट करने वाले अज्ञात युवकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया। इसी तरह से युवकों ने एक कार चालक के साथ भी मारपीट की।
पुलिस पर पथराव, थाने पर भी आए पत्थर
प्रदर्शनकारियों ने थाने पर भी पत्थर फेंके। पुलिस द्वारा खदेड़े जाने के बाद थाने के पास की गली में पटेल मार्ग पर युवको को जमावड़ा हो गया था। पुलिसकर्मी जब खदेड़ने के लिए गली में जाने लगे तो युवको ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी हेलमेट व बॉडी गार्ड पहनकर उन्हें खदेड़ने पहुंचे।
स्थिति नियंत्रण में, बेवजह दबाव बनाने पर कार्रवाई
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले एक पोस्ट वायरल हुई थी। पोस्ट को लेकर मुजाहिद कुरैशी थाने पर प्रकरण दर्ज करवाने आए थे। उस पर सुनवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपी को राउंड-अप कर लिया है। बाद में कुरैशी के साथ बहुत सारे लोग आए। वे यहां मनगढ़त कहानी बनाकर पुलिस पर दबाव बना रहे थे। तीनों थानों के पुलिस बल ने स्थिति को काबू किया है। (MP News)