खंडवा

दीवार फांदकर घर में घुसा, बोला- मुझसे शादी करोगी, मना किया तो चाकू से काट दिया गला

युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती...गांव का कोटवार है आरोपी युवक...तलाश जारी..
2 min read
• •
Updated: 30 Aug 2022, 7:30 PM IST
khandwa.jpg

खंडवा. झारखंड के दुमका में हुई दिलदहला देने वाली घटना की ही तरह मध्यप्रदेश के खंडवा में भी एक मामला सामने आया है। खंडवा में एक सिरफिरे आशिक ने शादी करने से इंकार करने पर घर में घुसकर चाकू से युवती का गला काट दिया। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां वो जिंदगी की जंग लड़ रही है। आरोपी युवक की पहचान गांव के कोटवार बबलू के तौर पर हुई है जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

शादी करने से मना किया तो किया हमला
घटना खंडवा जिले के मूंदी थाना इलाके के बांगरदा गांव की है जहां रहने वाली 18 साल की युवती नंदनी (बदला हुआ नाम) सोमवार दोपहर को घर में अपनी बहन के साथ थी। माता-पिता एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूसरे गांव गए थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला ग्राम कोटवार बबलू दीवार फांदकर घर में घुसा और नंदनी को पकड़ लिया। उसने नंदनी से कहा कि वो उससे प्यार करता है और शादी करेगा। लेकिन जब नंदनी ने शादी करने से इंकार किया तो एकतरफा प्यार में पागल बबलू ने चाकू निकालकर उसका गला काट दिया और फरार हो गया।

अस्पताल में लड़ रही जिंदगी की जंग
चाकू से हमला होते ही नंदनी (बदला हुआ नाम) की चीख निकल गई जिसे सुनकर घर में मौजूद उसकी बड़ी बहन बाहर आई तो देखा नंदनी खून से लथपथ पड़ी हुई थी। वो मदद के लिए चीखी और आसपास के लोगों के साथ मिलकर नंदनी को लेकर मूंदी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची जहां से हालत गंभीर होने के कारण उसे खंडवा रेफर कर दिया गया। नंदनी के पिता ने बताया कि आरोपी कोटवार नशेड़ी है, जो बेटी से एकतरफा प्यार करता है। उन्होंने बताया कि आरोपी उनकी ही समाज का है इसलिए कुछ दिन पहले उन्होंने आरोपी बबलू को समझाया था लेकिन अब उसने इस वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।

Updated on:
30 Aug 2022, 7:30 PM IST
Published on: