खंडवा

3 दिन से सड़क पर भटक रही लड़की,पूछा तो बोली- परिजन 50 साल के अधेड़ से करा रहे शादी

घर छोड़कर भागी थी युवती...दिनभर सड़कों पर घूमती और रात को सहेली के घर गुजारती थी रात...
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2022, 9:04 PM IST
khandwa.jpg

खंडवा. परिवार द्वारा 50 वर्षीय व्यक्ति से शादी कराने को लेकर नाराज युवती घर छोड़कर तीन दिन से सड़कों पर भटक रही थी। युवती द्वारा आश्रयगृह में फोन लगाया गया। यहां पहुंचने पर आश्रय गृह संचालकों ने वन स्टाप सेंटर भेजा है। मामले में युवती चार दिन पूर्व एसपी कार्यालय में आवेदन देकर भी आ चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से दिनभर सड़कों पर घूमते हुए और रात में किसी सहेली के घर समय बिता रही थी।

50 साल के अधेड़ से शादी कराना चाहते हैं- युवती
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली एक कॉलोनी का है। युवती के अनुसार उसके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। करीबी रिश्तेदार के यहां वो रह रही थी। माता-पिता के निधन के बाद उसे कुछ जमीन जायदाद भी मिली है। युवती का आरोप है कि उसके करीबी रिश्तेदार जायदाद की लालच में उसका विवाह 50 वर्षीय व्यक्ति के साथ करना चाहते है, जिसका वो विरोध कर रही थी। इसके बाद करीबी रिश्तेदारों ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।


दिनभर सड़कों पर भटकती, रात को सहेली के घर सोती
युवती ने बताया कि उसने 21 जून को एसपी कार्यालय में एक आवेदन भी दिया है। इसकी प्रतिलिपि कोतवाली थाना और महिला थाने में भी दी है। युवती का कहना है कि उसके आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके चलते वो तीन दिन से स्टेडियम के आसपास ही घूम रही थी। रात में किसी सहेली के यहां जाकर सो जाती थी। शनिवार को युवती ने किसी तरह से एक स्वाधार गृह का नंबर लेकर वहां चर्चा की। स्वाधार गृह की सदस्य ने उसे वन स्टाप सेंटर जाने की सलाह दी और वहां भिजवाया। मामला संज्ञान में आने पर कोतवाली पुलिस भी जांच में जुटी हुई है। इधर, युवती के रिश्तेदारों का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं है, वो बालिग है, उसकी मर्जी के बिना विवाह नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें- प्रेमी को घरवालों ने पीटा तो प्रेमिका ने खाया जहर, रिश्ते में भाई-बहन हैं दोनों

Updated on:
26 Jun 2022, 9:04 PM IST
Published on: