
राजगढ़. राजगढ़ में भाई-बहन के बीच प्यार होने का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब प्रेमिका के बुलाने पर प्रेमी अपने एक दोस्त के साथ उससे मिलने पहुंचा। लड़की के घरवालों ने दोनों को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर करीब 6 घंटे तक दोनों की पिटाई की। वहीं दूसरी तरफ प्रेमी की पिटाई से दुखी प्रेमिका ने घर पर जहर खाकर जान देने की कोशिश की। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। अस्पताल में ही जब लड़के के परिजन पहुंचे तो इस बात का खुलासा हुआ कि प्रेमी युवक और प्रेमिका लड़की आपस में भाई-बहन हैं।
लड़की के घर वालों ने प्रेमी को पकड़कर पीटा
रसिलपुरा गांव के रहने वाले 18 साल के युवक की मुलाकात करीब 5 महीने पहले रसूलपुरा गांव में ही एक शादी के दौरान रोशिया गांव की 18 साल की युवती से हुई थी। शादी में ही दोनों के बीच मोबाइल नंबर एक्सचेंज हो गए और बातचीत होने लगी। बातें-बातें होते-होते दोनों के बीच प्यार हो गया और शनिवार को युवती ने प्रेमी को मिलने के लिए जालपा मंदिर पर बुलाया। प्रेमिका का बुलावा मिलते ही प्रेमी भी अपने एक दोस्त के साथ मिलने के लिए पहुंच गया। लेकिन दूसरी तरफ लड़की के घरवालों को शक हो गया तो वो भी पीछे-पीछे मंदिर पहुंच गए और बेटी को प्रेमी के साथ पकड़ लिया। इसके बाद घरवालों और गांव के लोगों ने मिलकर प्रेमी व उसके साथी को एक पेड़ से बांध दिया और करीब 5 घंटे तक उनके साथ मारपीट की।
प्रेमी को पिटता देख प्रेमिका ने खाया जहर
घरवाले प्रेमी को पीटते रहे और युवती उसे छोड़ने की गुहार परिजन से लगाती रही लेकिन जब परिवारवाले नहीं माने तो लड़की ने जहर खा लिया। जिसे तुरंत घर के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। इसी बीच पुलिस को घटना का पता चला तो पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक युवकों को छुड़ाकर थाने ले आई। पुलिस ने थाने में युवक के परिजन को बुलाया इसी दौरान उन्हें पता चला कि लड़की ने जहर खा लिया है तो वो लड़की से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे जहां पता चला कि जिस लड़की से उनका बेटा प्यार करता है दरअसल वो उसकी बहन है क्योंकि लड़की की मां और लड़के की मां आपस में दूर के रिश्ते मेंम देवरानी जेठानी हैं। अस्पताल में भर्ती लड़की अभी भी प्रेमी से ही शादी करने की बात पर अड़ी हुई है।
Published on:
26 Jun 2022, 6:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.