
इंदौर. दिल्ली से आई एक शातिर हसीना ने इंदौर के कई लोगों को चूना लगा दिया। 35 साल की युवती इंदौर शहर में जिस किसी से भी मिली उसे ठग लिया। हालांकि बाद में मामला पुलिस तक पहुंच गया और पुलिस ने एक कैब ड्राइवर की शिकायत पर लड़की को पकड़ लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद लड़की ने बताया कि उसे नौकरी का झांसा देकर इंदौर बुलाया गया था और जब वह इंदौर पहुंची तो उसे अपने साथ हुए धोखे का पता चला और पैसे न होने के कारण उसने ऐसा किया।
दिल्ली से आई लड़की ने कई लोगों को ठगा
जानकारी के मुताबिक 35 साल की युवती निहारिका (बदला हुआ नाम) के खिलाफ एक कैब ड्राइवर ने पैसे ठगने की शिकायत पुलिस में की थी जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ ही देर में निहारिका को पकड़ा तो निहारिका ने बताया कि उसे नौकरी का झांसा देकर इंदौर बुलाया गया था। वो जब इंदौर पहुंची तो उसे पता चला कि उसके साथ धोखा हुआ है। निहारिका ने कहा कि उसके पास पैसे भी नहीं थे जिस होटल में रुकी थी उसका बिल चुकाने के लिए भी पैसे नहीं थे। एक दोस्त का मोबाइल जरुर था जिसे दिखाकर पहले उसने बातों में फंसाकर होटल मैनेजर, फिर कॉफी हाउस संचालक और कैब ड्राइवर को ठगा और बहाने बनाकर हजारों रुपए ठग लिए। पुलिस के मुताबिक युवती जहां भी पैसे देने होते थे वहां मोबाइल दिखाकर बहाने बनाती और फिर वहां से निकल जाती थी।
रेसीडेंसी एरिया के खंडहर में मिला युवक का शव
रेसीडेंसी एरिया में ट्रैफिक गार्डन के पास एक खंडहर से शनिवार रात पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। संयोगितागंज टीआइ तहजीब काजी के मुताबिक पड़ोसियों ने अंदर शव होने की सूचना दी थी। मौके से 20-22 साल के एक युवक का सड़ा शव बरामद हुआ। तलाशी में कपड़ों से एक आधार कार्ड मिला। उसमें राजेंद्र निवासी नरसिंहपुर लिखा है। पीएम रिपोर्ट स मौत का कारण साफ होगा।
Updated on:
26 Jun 2022, 4:09 PM IST
Published on:
26 Jun 2022, 4:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.