खंडवा

‘मिनी गोवा’ में 2 साल बाद फिर जगमगाएगी टेंट सिटी, जल महोत्सव में जुड़ेंगे नए एडवेंचर स्पोर्ट्स

MP Tourism: 2 साल बाद हनुवंतिया में फिर लौट रहा है जल महोत्सव का रोमांच। टेंट सिटी, वॉटर-एडवेंचर, हॉट एयर बैलून और कूज सवारी से सजेगा मिनी गोवा फिर जगमगाएगा।

2 min read
Oct 09, 2025
Hanuwantiya Jal Mahotsav 2025 tent city water sports mp tourism
Hanuwantiya Jal Mahotsav 2025 tent city water sports mp tourism (फोटो- सोशल मीडिया)

Hanuwantiya Jal Mahotsav 2025:हनुवंतिया पर्यटन स्थल पर एक बार फिर टेंट सिटी की जगमगाहट नजर आएगी। यहां जल-थल और वायु में साहसिक गतिविधियां भी होगी। इस साल सरकार ने दोबारा जल महोत्सव का आयोजन करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए टेंट सिटी का टेंडर भी हो चुका है। नवंबर तक टेंट सिटी लग जाएगी। संभवत: नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह में जल महोत्सव की तारीख आ सकती है। पिछले साल हनुवंतिया पर जल महोत्सव नहीं होने पर पर्यटकों में काफी निराशा रही थी। (MP Tourism)

2023 में हुआ था आखरी जल महोत्सव

मिनी गोवा के नाम से प्रसिद्ध हनवंतिया पर्यटन स्थल को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सिंगापुर के सॅटोसा आईलैंड भी कह चुके है। वर्ष 2023 में यहां आठवां जल महोत्सव हुआ था। जिसके बाद टेंट सिटी का टेंडर खत्म होने पर दोबारा नहीं हुआ। सरकार ने भी हनुवंतिया को लेकर कोई रुचि नहीं दिखाई। जिसके बाद एक खूबसूरत पर्यटन स्थल लगभग उजाड़ हो गया। हालांकि पर्यटन विकास निगम ने वॉटर स्पोर्ट्स की कुछ गतिविधियां जरुर यहां चालू रखी, लेकिन पर्यटकों की संख्या लगातार गिरती चली गई। सरकार ने अब दोबारा हनुवंतिया की सुध ली है। पर्यटन विकास निगम यहां हरदा के जोगा फोर्ट तक कूज चलाने की तैयारी में है। (MP Tourism)

एडवेंचर स्पोर्ट्स से जमेगा रोमांच का रंग

पर्यटन विकास निगम के अनुसार जल महोत्सव में सभी प्रकार की एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित की जाएगी। यहां स्पीड बोट, जैट सी (वाटर स्कूटर), बनाना राइड्स, स्लीपिंग बोट, बंपर राइड्स, जलपरी लगाई जाएगी। हवाई गतिविधियों में पैरासेलिंग मोटर्स, हॉट एअर बैलून भी होंगे। इसके साथ ही बैलगाड़ी, ऊंट सवारी, घुड़सवारी की व्यवस्था भी होगी। यहां कूज पर सवारी का आनंद भी पर्यटक ले सकेंगे। दो साल से खराब पड़ा कूज की मरम्मत भी की जा रही है। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए लगे डिस्को झूला, नाव झूला, बड़ा झूला, मिकी माउस, टॉय रेल लगाई जाएगी। (MP Tourism)

अब तक हुए जल महोत्सव

2016 में पहला जल महोत्सव।
2016-17 में दूसरा जल महोत्सव।
2017-18 में तीसरा जल महोत्सव
2019-2020 में चौथा जल महोत्सव।
2020-21 में पांचवां जल महोत्सव।
2021-22 में छटवां जल महोत्सव।
2022-23 में सातवां जल महोत्सव।
2023-24 में आठवां जल महोत्सव।

जल्द तय होगी तारीख

टेंट सिटी के टेंडर दोबारा हो चुके है। इस साल जल महोत्सव का भी आयोजन यहां किया जाएगा। जल महोत्सव में हरदा तक कूज चलाने की भी तैयारी है। वॉटर एडवेंचर स्पोर्ट्स सहित अन्य गतिविधियां भी होगी।- संतोष कुमार श्रीवास्तव, ज्वाइंट डायरेक्टर, टूरिज्म बोर्ड भोपाल

Updated on:
09 Oct 2025 03:08 pm
Published on:
09 Oct 2025 02:59 pm