
Khandwa News : पानी में डूबा एमपी का एक ऐतिहासिक शहर फिर बाहर आ गया है। इंदिरा सागर बांध में डूबे हरसूद की पुराने इमारतें दिखाई देनी लगी हैं। बांध का जलस्तर कम होने से मंदिरों के शिखर और मस्जिद का गुंबद दिखने लगा है। हरसूद को राजा हर्षवर्धन की नगरी के रूप में जाना जाता था। खंडवा के पास का यह प्राचीन शहर 2004 में इंदिरा सागर बांध के बैक वाटर में डूब गया था।
हरसूद, मालवा निमाड़ इलाके का ऐतिहासिक शहर था। कहा जाता है कि इसे राजा हर्षवर्धन ने बसाया था। हरसूद करीब 700 साल से ज्यादा पुराना शहर था। इसकी पहचान बेहद शांत और सुरम्य नगरी के रूप में थी। इलाके में हरसूद बड़ा व्यापारिक केंद्र भी था। आसपास के गांवों के लोग यहां खरीदारी करने आते थे।
नर्मदा नदी पर इंदिरा सागर बांध बनाया गया था। इस बांध की जद में हरसूद भी आ गया था। ऐसे में इसका डूबना तय हो गया था। बांध और हरसूद के डूबने का स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया पर सरकार नहीं मानी। शहर के डूबने के बाद यहां के लोगों को विस्थापित करने के लिए नया छनेरा बसाया गया था। 30 जून 2004 को हरसूद, इंदिरा सागर के बैक वाटर में डूब गया। इसी के साथ इस ऐतिहासिक शहर की केवल यादें ही शेष रह गईं। इस घटना को 22 साल बीत चुके हैं।
बुरी बात यह भी है कि हरसूद के डूबने के बाद वहां के मूल निवासियों को छनेरा और उसके पासपास बसाने के लिए जो जमीन दी गई उनके पट्टे आज भी कई लोगों के पास नहीं है। कई प्रभावितों को तो मुआवजा तक नहीं मिला। दो दशक से ज्यादा समय से ऐसे लोग अदालती लड़ाई लड़ने में उलझे हैं।
इंदिरा सागर बांध में इस बार जलस्तर तेजी से घट रहा है। इसके कारण प्राचीन हरसूर के पानी में डूबे अवशेष नजर आने लगे हैं। पिछले करीब दो माह में इंदिरा सागर बांध का जलस्तर 2.13 मीटर कम हो चुका है। नवंबर में पहली बार यह स्थिति बनी है। बांध का जलस्तर घट जाने से पुराने हरसूद के कई अवशेष नजर आने लगे हैं। हाटकेश्वर महादेव मंदिर और किशनपुरा माताजी मंदिर के शिखर दिखाई देने लगे हैं। हरसूद की जामा मस्जिद की गुंबद भी दिखाई दे रही है।
बता दें कि इंदिरा सागर बांध में 262.13 मीटर तक पानी भरा जाता है। इस बारिश में जलभराव 261.830 मीटर तक हुआ था। इस प्रकार बांध में क्षमता का 97.43 प्रतिशत पानी था। दो दिन पहले बांध का जलस्तर 259.700 मीटर पर आ गया है।