
Khandwa Karwa Chauth Tragedy: मध्यप्रदेश के खंडवा में शादी के बाद अपना पहला करवा चौथ मनाने की तैयारी में बैठी पत्नी पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब उसे पति की मौत की खबर मिली। पति की मौत से पत्नी सदमे में है और परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। करवा चौथ के दिन जब घर से पति की अर्थी उठी तो हर किसी की आंख नम हो गई। घटना खंडवा जिले के सुरगांव की है, जहां घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।
सुरगांव निवासी संजय की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी, पत्नी का पहला करवा चौथ था और वो पत्नी पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने की पूरी तैयारी कर चुकी थी, लेकिन ऊपर वाले को कुछ और ही मंजूर था। बुधवार रात संजय अपने मुंह बोले जीजा को बाइक से छोड़ने के लिए इंदौर गया था, संजय के साथ उसका एक दोस्त राम भी था। जीजा को छोड़ने के बाद जब संजय और दोस्त राम बाइक से घर लौट रहे थे तभी इंदौर-खंडवा हाईवे पर चोरल के पास इको गाड़ी ने बोलेरो को टक्कर मारने के बाद उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संजय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोस्त राम घायल हुआ है।
घटना से अंजान पत्नी घर पर पति संजय के लौटने का इंतजार कर रही थी। परिजन को बुधवार रात को ही घटना की सूचना मिल गई थी लेकिन उन्होंने संजय की पत्नी से बात को छिपाए रखा। गुरुवार को जब पोस्टमार्टम के बाद संजय का शव लेकर परिजन घर पहुंचे तो पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने बताया कि संजय खंडवा की एक दाल मिल में काम करता था और परिवार का इकलौता बेटा था, परिवार में उसकी एक छोटी बहन है।